#अपराध
May 22, 2026
हिमाचल: विदेश से साढ़े तीन साल बाद घर लौट रहा था युवक, बस में बेहोश मिला; गायब था सारा सामान
परिवार पलके बिछाए कर रहा था इंतजर, आ गई बुरी खबर
शेयर करें:

ऊना। विदेश में साढ़े तीन साल तक कड़ी मेहनत कर अपने परिवार से मिलने लौट रहे हिमाचल के एक युवक के साथ रास्ते में ऐसी वारदात हो गई, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। सऊदी अरब से अपने घर लौट रहे ऊना जिले के युवक को दिल्ली से हिमाचल आने वाली बस में कथित तौर पर बेहोश कर लूट लिया गया। युवक जब बस में अचेत अवस्था में मिला तो यात्रियों और परिजनों में हड़कंप मच गया। फिलहाल उसका उपचार क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में चल रहा है, लेकिन वह अभी तक पूरी तरह से होश में नहीं आ पाया है।
परिवार से मिलने की खुशी, लेकिन रास्ते में हो गई बड़ी घटना
जानकारी के अनुसार ऊना जिले के फतेहपुर क्षेत्र का रहने वाला सतनाम सिंह पिछले करीब साढ़े तीन वर्षों से सऊदी अरब में ऑपरेटर के पद पर तैनात था। लंबे समय बाद वह अपने घर लौट रहा था और परिवार भी उसकी वापसी को लेकर उत्साहित था। गुरुवार शाम को वह दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरा और वहां से हिमाचल के लिए बस में सवार हुआ। लेकिन दिल्ली से नंगल के बीच सफर के दौरान किसी अज्ञात जालसाज ने उसे अपनी बातों में फंसाकर कोई नशीला पदार्थ पिला दिया, जिससे वह बस की सीट पर ही बेसुध हो गया।
यह भी पढ़ें : निकाय चुनाव ने सीएम सुक्खू में भरा जोश: बोले - 2027 से पहले अच्छे संकेत, भाजपा को बताया झूठी पार्टी
जब बस में सवार अन्य यात्रियों ने सतनाम को काफी देर तक हिचकोले खाते और पूरी तरह अचेत देखा, तो उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी बस परिचालक को दी। आनन-फानन में इस बात की सूचना युवक के परिवार को दी गई। बदहवास परिजन तुरंत नंगल पहुंचे और अचेत सतनाम को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लेकर आए। डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है, लेकिन युवक अभी तक पूरी तरह से होश में नहीं आ पाया है।
पीड़ित युवक की पत्नी प्रवीण कुमारी ने रुआंसे गले से बताया कि सतनाम की हालत अभी भी गंभीर है और वह कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं है। उन्होंने आशंका जताई है कि शातिरों ने उसे जानबूझकर निशाना बनाया। सतनाम के पास मौजूद उसका बैग, जरूरी दस्तावेज, पासपोर्ट और सारी नकदी गायब है। पति के पूरी तरह होश में आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि लुटेरों ने कुल कितने लाख की संपत्ति पर हाथ साफ किया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में कैसे मिलेगा युवाओं को रोजगार... शुरू ही नहीं हो पाए 421 उद्योग; सरकारी नीतियां बनी बाधा!
विदेश से लौट रहे युवक के साथ हुई इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। स्थानीय लोग भी इस मामले को लेकर चिंता जता रहे हैं। लोगों का कहना है कि लंबी विदेश यात्रा के बाद घर लौट रहे व्यक्ति के साथ इस तरह की वारदात सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग युवक के स्वास्थ्य और मामले की जानकारी लेने में जुटे रहे। पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल कांग्रेस प्रत्याशी के साथ हो गया खेला, प्रचार में जुटी थी भारी भीड़, फिर भी वोट मिला सिर्फ "एक"
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक के बयान और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मामले की गहन पड़ताल की जाएगी। बस यात्रा के दौरान उसके संपर्क में आए लोगों और यात्रा के विभिन्न पहलुओं की भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस युवक के स्वास्थ्य में सुधार और उसके बयान का इंतजार कर रही है। माना जा रहा है कि उसके होश में आने के बाद इस रहस्यमयी घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।
यह भी पढ़े : 'मेलोडी रील' पर विक्रमादित्य का PM मोदी पर तंज: बोले- पेट्रोल भले ना मिले, Melody के गीत गुनगुनाओ
एक ओर जहां परिवार साढ़े तीन साल बाद अपने बेटे के घर लौटने की खुशी का इंतजार कर रहा था, वहीं दूसरी ओर इस घटना ने उनकी खुशियों को चिंता में बदल दिया है। परिजन अस्पताल में उसके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
यह भी पढ़े : शादीशुदा महिला प्रेमिका की कस्टडी मांगने हाईकोर्ट पहुंचा लिव इन पार्टनर, जानें क्या मिला जवाब
इस दर्दनाक घटना की भनक लगते ही स्थानीय विधायक सतपाल सिंह सत्ती तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से पीड़ित के स्वास्थ्य की जानकारी ली और परिवार को ढांढस बंधाया। विधायक ने पुलिस प्रशासन के उच्च अधिकारियों से बात कर इस मामले की गहनता और तेजी से जांच करने का आग्रह किया है।