#अपराध
August 10, 2025
हिमाचल में एक और महिला ने तोड़ा दम, नॉर्मल डिलीवरी करवाने के नाम पर हुआ कांड
मामले ने पकड़ा तूल- परिजनों ने कहा, अस्पताल की लापरवाही से तोड़ा महिला ने दम
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला के रैहन में डिलीवरी के दौरान एक महिला की मौत के मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
मृतका लक्ष्मी देवी पत्नी दीपक जो कि की गांव भराल, पंचायत रैहन की 8 अगस्त की शाम को उसके परिजन डिलीवरी के लिए रैहन के एक निजी अस्पताल में लेकर आए। मृतका की सास वीना देवी के अनुसार, अस्पताल स्टाफ ने उन्हें आश्वासन दिया कि नार्मल डिलीवरी हो जाएगी और यदि ऑपरेशन की जरूरत पड़ी तो डॉक्टर को यहीं बुला लिया जाएगा, कहीं और जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
मगर रात करीब 10 बजे अचानक लक्ष्मी देवी को नूरपुर अस्पताल रैफर कर दिया गया। परिजनों का आरोप है कि पहले से ही यह स्पष्ट था कि बच्चा उल्टा है, बावजूद इसके अस्पताल ने नार्मल डिलीवरी का भरोसा दिया और समय पर ऑपरेशन नहीं किया। जसूर के पास पहुंचने से पहले ही लक्ष्मी देवी ने दम तोड़ दिया।
मृतका के पिता तरसेम लाल शर्मा निवासी पंचायत नंगल फतेहपुर ने कहा कि जब उनकी बेटी को अस्पताल लाया गया, वह पूरी तरह सामान्य थी। उनका आरोप है कि लक्ष्मी की मौत अस्पताल में ही हो चुकी थी और रैफर करना महज औपचारिकता थी। उन्होंने मांग की कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो ताकि किसी और के साथ ऐसी त्रासदी न हो।
अस्पताल मालिक के मुताबिक, मरीज शाम 6:40 बजे भर्ती हुई थी और हल्की प्रसव पीड़ा थी। ऑपरेशन की तैयारी की जा रही थी, लेकिन रात 9:30 बजे उसे दौरे पड़ना शुरू हो गए। उसकी हालत को देखते हुए उसे नूरपुर रेफर किया गया। इतना ही नहीं महिला के परिजनों के साथ वो खुद नूरपुर गए। मगर अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
अस्पताल के कंसल्टेंट डॉक्टर ने बताया कि उनके आने से पहले मरीज को दो इंजेक्शन लगाए गए थे। जब उन्होंने 9:15 बजे मरीज को देखा तो यह एक्लेम्पसिया (गर्भावस्था में आने वाली गंभीर स्थिति) का मामला निकला और तुरंत रैफर कर दिया गया।
रैफर के दौरान रास्ते में मौत के बाद आशा वर्कर ने रैहन के चिकित्सा अधिकारी को सूचना दी। चिकित्साधिकारी ने पुलिस को खबर दी, जिसके बाद पुलिस ने घर से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
DSP नूरपुर विशाल वर्मा ने बताया कि शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया और अंतिम संस्कार कर दिया गया। मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत कार्रवाई की जा रही है।