#अपराध
March 6, 2025
हिमाचल : सरकारी जमीन पर महिला प्रधान ने किया था कब्जा, हुई बर्खास्त- BJP से है नाता
पंचायत का कार्यभार उपप्रधान को सौंप दिया गया है
शेयर करें:
कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में आए दिन सरकारी कर्मचारियों द्वारा गड़बड़झाला करने के कई मामले सामने आ रहे हैं। इसी के चलते अब तक ना जाने कितने कर्मचारियों को बर्खास्त भी किया जा रहा है। इसी कड़ी में अब ताजा मामला हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से सामने आया है- जहां पर DC कांगड़ा हेम राज बैरवा ने सकरी ग्राम पंचायत की महिला प्रधान को बर्खास्त कर दिया है।
महिला प्रधान रोमन भक्कल को सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने के मामले में बर्खास्त किया गया है। इस मामले में पंचायती राज अधिनियम की धारा 131(2) के तहत तुरंत कार्रवाई करते हुए पंचायत का कार्यभार उपप्रधान को सौंप दिया गया।
दरअसल, हरिपुर तहसील की रिपोर्ट में सकरी ग्राम पंचायत की महिला प्रधान रोमन भक्कल और उनके परिवार पर दो सरकारी जमीनों पर कब्जा करने का आरोप लगा था। वन विभाग ने इस मामले में शिकायत दर्ज करवाई थी। वहीं, तहसीलदार हरिपुर ने पिछले साल 5 सितंबर को जमीन खसरा नंबर 233/1 (पक्का रास्ता) और 233/2 (गोशाला खंडरनुमा) रिपोर्ट भेजी थी।
इसके बाद 6 नवंबर को प्रधान को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। जिसके जवाब में प्रधान ने अपने पर लगे सभी आरोपों को खारिज कर दिया था। फिर मामला कोर्ट में पहुंचा और जांच-पड़ताल के बाद कोर्ट ने बीती 4 मार्च को बेदखली का आदेश जारी कर दिया।
आपको बता दें कि रोमन भक्कल पर की गई कार्रवाई देहरा और हरिपुर में BJP की स्थानीय राजनीति को प्रभावित कर सकती है। दरअसल, वर्तमान में रोमन भक्कल BJP मंडल हरिपुर की अध्यक्ष भी हैं। रोमन भक्कल को पूर्व निर्दलीय विधायक होशियार सिंह का करीबी माना जाता है।
विदित रहे कि ये मामला राजनीतिक रूप से तूल पकड़ चुका है। पंचायत विवादों के बाद रोमन भक्कल ने BJP का दामन थामा और हरिपुर BJP मंडल की अध्यक्ष बन गई। इस बात का BJP के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री रमेश धवाला ने विरोध भी किया था।