#अपराध

June 24, 2025

हिमाचल: खत्म हुई IGMC से लापता महिला की तलाश; जंगल में मिली देह; छोड़ गई कई सवाल

पांच दिन से परिजन और पुलिस कर रही थी तलाश

शेयर करें:

IGMC Missing woman

शिमला। हिमाचल की राजधानी शिमला के आईजीएमसी से पांच दिन पहले गायब हुई महिला की तलाश खत्म हो गई है। आज मंगलवार को महिला का शव न्यू शिमला थाना क्षेत्र के तहत आते कनलोग के जंगल से बरामद हुआ है। महिला जंगल में कैसे पहुंची और उसकी मौत कैसे हुई, यह जांच का विषय है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है।

अस्पताल से लापता हुई थी महिला

मृतक महिला की पहचान 76 वर्षीय संजोगता नाग के रूप में हुई है। संजोगता नाग संकटमोचन की रहने वाली थी। वह 19 जून को आईजीएमसी से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। संजोगता नाग इलाज के लिए अपनी बेटी के साथ 19 जून को इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज शिमला पहुंची थी। आईजीएमसी अस्पताल की नई ओपीडी बिल्डिंग से वह अपनी बेटी से बिछड़ गई थी और लापता हो गई थी। रहस्यमय हालात में गायब हुई संजोगता नाग की तलाश में परिजन और पुलिस लगातार जुटे थे। लेकिन आज मंगलवार को उनकी यह खोज शव मिलने के साथ ही खत्म हो गई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: RD धीमान बने रेरा के अध्यक्ष, हाईकोर्ट की फटकार के बाद सुक्खू सरकार ने की नियुक्ति

पुलिस कर रही थी महिला की तलाश

परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट उसी दिन 19 जून को ही लक्कड़ बाजार पुलिस चौकी में दर्ज करवाई थी। पुलिस ने केस दर्ज कर महिला की तलाश शुरू की थी। अस्पताल के आसपास लगे सीसीटीवी में महिला कनलोग की ओर जाती दिखी थी। उसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए डॉग स्क्वॉडए ड्रोन और स्थानीय लोगों की मदद से महिला की तलाश कर रही थी।  महिला की बड़ी बेटी नीरुपमा शर्मा ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी जनता से अपील की थी कि वे उनकी मां की तलाश में सहयोग करें।

 

यह भी पढ़ें : वीरभद्र सिंह के चतुर्वार्षिक श्राद्ध पर श्रद्धांजलि देने उमड़ा जनसैलाब, उनके विचारों पर चलने का संकल्प

मेडिकल कंडीशन ने बढ़ाई चिंता

परिजनों के अनुसार संजोगता नाग मधुमेह की मरीज थीं और उन्हें भूलने की बीमारी भी थी। आशंका जताई जा रही थी कि वे अस्पताल से निकलने के बाद रास्ता भटक गई होंगी और कनलोग की तरफ चली गई होगी।

जंगल में शव मिलने से गहराया रहस्य

आज मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि कनलोग क्षेत्र के जंगल में एक महिला का शव पड़ा है। न्यू शिमला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान संजोगता नाग के रूप में की गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी भेजा गया है। प्रारंभिक तौर पर शव पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं, जिससे मौत की वजह को लेकर रहस्य बना हुआ है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल हाईकोर्ट से भाजपा नेताओं को राहत, बिंदल-सुखराम की बढ़ी जमानत अवधि; जानें मामला

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का रहस्य

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि संजोगता नाग की मौत किन परिस्थितियों में हुई। क्या यह रास्ता भटकने के बाद दुर्घटनावश हुई मृत्यु थीए या फिर इसके पीछे कोई अन्य कारण है, यह सब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की हर संभावित कोण से जांच कर रही है।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख