#अपराध
December 5, 2025
हिमाचल : एक मैसेज और लुट गए 30 लाख, बुरा फंसा युवक- आप भी संभल कर रहें
लालच का सिर्फ एक मैसेज और सब खत्म
शेयर करें:

कांगड़ा। इंसान की कमाई को उड़ाने के लिए अब किसी हथियार की जरूरत नहीं है, बस एक स्मार्टफोन और लालच का एक मैसेज ही काफी है। साइबर अपराध का एक ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है।
जहां मोटे मुनाफे के सुनहरे सपने ने एक व्यक्ति की लाखों रुपये की जमा पूंजी पर पानी फेर दिया। यह सिर्फ ठगी नहीं, एक डिजिटल डकैती थी, जो बिना आवाज के हुई, बिना हथियार के हुई और पीड़ित को तब तक पता भी नहीं चला, जब तक सब कुछ लुट नहीं गया।
कांगड़ा के रहने वाले शख्स को अचानक एक व्हॉट्सएप मैसेज आया। इस शख्स को बिना उसकी मर्जी के एक ट्रेडिंग ग्रुप में जोड़ दिया गया। ग्रुप में रोज नए-नए दावे 10 हजार लगाओ, 50 हजार कमाओ, आज का स्पेशल ट्रेड, तुरंत मुनाफा ग्रुप में दिखाए जाने वाले फर्जी स्क्रीनशॉट्स और लुभावने वादों ने पीड़ित का भरोसा जीत लिए।
पीड़ित को लगा कि घर बैठे पैसे कमाने का सरल और आसान तरीका शायद ही हो। ग्रुप में लोग ऐसे बात करते थे कि जैसे सब ट्रेडिंग के बाद अमीर बन गए है। धीरे-धीरे उसका विश्वास बढ़ता गया और वह इस जाल में फंसता चला गया। उसे नहीं पता था कि ये मुनाफे के लालच में दरअसल साइबर ठगों का बनाया हुआ एक मायाजाल था।
शातिरों की बातों में आकर पीड़ित ने निवेश करने का फैसला किया। शुरुआत छोटे निवेश से हुई, लेकिन मुनाफे के लालच में वह फंसता चला गया। उसने अलग-अलग किश्तों में कुल 30 लाख ठगों के बताए खातों में जमा करवा दिए। वह स्क्रीन पर अपना फर्जी मुनाफा देखता रहा और खुश होता रहा, लेकिन असलियत कुछ और ही थी।
असली खेल तब शुरू हुआ जब पीड़ित ने अपना मुनाफा और मूल रकम वापस निकालने की कोशिश की। विड्रॉल की रिक्वेस्ट डालते ही पैसे अटक गए। उधर से शातिरों ने भी जवाब देना बंद कर दिया। न पैसा मिला, न कोई सुनवाई हुई। तब जाकर उसे अहसास हुआ कि वह एक बड़ी ऑनलाइन साजिश का शिकार हो चुका है।
घबराए पीड़ित ने तुरंत साइबर थाना नॉर्थ रेंज, धर्मशाला का दरवाजा खटखटाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी प्रवीण धीमान ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस बैंक ट्रांजैक्शन और मोबाइल नंबरों को ट्रेस कर रही है, जिनके जरिए यह खेल खेला गया। पुलिस ने एक बार फिर जनता को आगाह किया है किसी भी अनजान व्हाट्सएप ग्रुप पर भरोसा न करें और ऑनलाइन लुभावने वादों के जाल में फंसकर अपनी मेहनत की कमाई न लुटाएं।