#अपराध
April 24, 2026
हिमाचल : ठेके में ग्राहक बन आए लुटेरे, सेल्समैन को बनाया बंधक; कैश-महंगी शराब की बोतलें ले भागे
धरादार हथि*यारों के बल पर शातिरों ने की लूटपाट
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। त्यूड़ी गांव में एक शराब के ठेके पर चार नकाबपोश युवकों ने फिल्मी अंदाज में लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है और स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। शातिरों ने सेल्समैन को बंधक बना बड़ी लूटपाट को अंजाम दिया है।
जानकारी के मुताबिक, वारदात रात करीब 10:45 बजे की है। ठेके पर तैनात सेल्समैन विनोद कुमार दुकान बंद करने से पहले दिनभर की बिक्री का हिसाब कर रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल और सफेद स्कूटी पर सवार होकर चार युवक वहां पहुंचे। सभी ने पहचान छिपाने के लिए चेहरों पर कपड़ा बांध रखा था।
लुटेरों ने पहले ग्राहक बनकर बीयर की मांग की। जैसे ही सेल्समैन फ्रिज की ओर मुड़ा, दो युवक तेजी से अंदर घुस आए। इनमें से एक ने गंडासा निकालकर उसकी गर्दन पर रख दिया और जरा सी आवाज करने पर जान से मारने की धमकी दी। दूसरे युवक ने उसे जबरन कुर्सी पर बैठा दिया, जबकि तीसरा गल्ले में रखी नकदी और सामान समेटने लगा।
आरोपियों ने गल्ले से करीब 35 हजार रुपये, आठ महंगी शराब की बोतलें और सेल्समैन का मोबाइल फोन लूट लिया। इस दौरान चौथा साथी बाहर खड़ा होकर नजर रखता रहा, ताकि किसी के आने पर बाकी को सतर्क कर सके।
रात का समय होने और आसपास सन्नाटा पसरा होने के कारण पीड़ित को तुरंत मदद नहीं मिल सकी। वारदात के बाद चारों आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित के बयान दर्ज किए।
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।