#अपराध

July 13, 2026

हिमाचल में टैक्सी चालक की ह*त्या, 19 और 23 साल के दो युवकों ने नशे के लिए उतारा मौ*त के घाट

टैक्सी हायर कर सुनसान जगह पर किया चा*कू से ह.मला, फिर रस्सी से दबाया गला

शेयर करें:

kangra Crime News

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला से एक ऐसी सनसनीखेज खबर सामने आई हैए जिसने इंसानियत को पूरी तरह से झकझोर कर रख दिया है। कांगड़ा जिला में मात्र 19 और 23 साल के दो युवकों ने एक टैक्सी चालक की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों ने सिर्फ अपने नशे की लत को पूरा करने के लिए चालक से लूटपाट की और इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। मामला कांगड़ा जिला के देहरा उपमंडल के जवालामुखी क्षेत्र का है।

 

दोनों आरोपियों ने टैक्सी चालक को पहले चाकू मारा और फिर उसका रस्सी से गला घोंट दिया। उसके बाद चालक को मरा समझकर उसे जंगल में फेंक कर उसकी टैक्सी लेकर फरार हो गए। जंगल में अधमरी हालत में मिला टैक्सी चालक 84 दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झूलता रहा, लेकिन आखिरकार वह जिंदगी की जंग हार गया और टैक्सी चालक मेहर सिंह ने दम तोड़ दिया। चालक की मौत के बाद अब पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में हत्या के प्रयास की धारा को बदलकर हत्या ;मर्डरद्ध का केस दर्ज कर लिया है।

 

यह भी पढ़ें : सड़क धंसते ही हवा में लटकी HRTC बस.. अंदर सवार थे 30 लोग, मची चीख-पुकार

16 अप्रैल को हुई थी खौफनाक साजिश

यह पूरा मामला 16 अप्रैल का है। जानकारी के अनुसार दो युवकों ने टैक्सी चालक मेहर सिंह (मेहर चंद) की गाड़ी होशियारपुर जाने के लिए बुक की थी। यात्रा के दौरान कालोहा क्षेत्र के आसपास किसी बात को लेकर चालक और दोनों युवकों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद आरोपियों ने चालक को मुख्य मार्ग छोड़कर वैकल्पिक और सुनसान रास्ते से गाड़ी ले जाने के लिए मजबूर किया। जब वाहन जंगलों से घिरे इलाके में पहुंचा तो दोनों ने चालक पर अचानक हमला बोल दिया।

चाकू से वार और रस्सी से घोंटा गला

पुलिस जांच के मुताबिक आरोपियों ने पहले टैक्सी चालक पर चाकू से वार किए। इसके बाद भी जब उन्हें लगा कि चालक जीवित है तो उन्होंने रस्सी से उसका गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया। हमले के दौरान चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और आरोपियों ने उसे मृत समझ लिया।

 

यह भी पढ़ें : घर से निकला मासूम दिव्यांश, 3 दिन से नहीं लौटा वापस; बेबस माता-पिता ने मांगी मदद

जंगल में फेंककर टैक्सी लेकर हुए फरार

वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों युवक घायल चालक को कामाख्या मंदिर मार्ग के जंगलों में सुनसान स्थान पर छोड़कर फरार हो गए। आरोपी चालक की टैक्सी लेकर होशियारपुर पहुंचे और वहां वाहन को लावारिस हालत में छोड़ दिया। इसके बाद वे सामान्य तरीके से अपने घर लौट आए ताकि किसी को उन पर शक न हो।

भाई की शिकायत से खुला पूरा राज

अगले दिन 17 अप्रैल को जब चालक घर नहीं लौटा तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। चालक के भाई ने पुलिस चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल खोज अभियान शुरू किया। जांच के दौरान कुछ सुराग मिलने पर खुंडियां क्षेत्र के दो युवकों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों टूट गए और उन्होंने पूरी घटना का खुलासा कर दिया।

 

यह भी पढ़ें- हिमाचल : सुबह हुई शादी, शाम को टूटा रिश्ता- विदाई के वक्त ससुराल जाने से मुकर गई दुल्हन

24 घंटे तक जंगल में मदद का इंतजार करता रहा चालक

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम जंगलों में पहुंची, जहां टैक्सी चालक अधमरी हालत में मिला। बताया जा रहा है कि वह लगभग 24 घंटे तक जंगल में अकेला पड़ा रहा और किसी मदद का इंतजार करता रहा। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे पहले देहरा अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने के कारण बाद में उसे डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, टांडा रेफर कर दिया गया।

84 दिन बाद मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

करीब तीन महीने तक चले इलाज के बावजूद चालक की हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया। आखिरकार 84 दिन बाद उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है।

लूटपाट भी बनी हत्या की वजह

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने चालक पर हमला करने के बाद उसके पास मौजूद नकदी लूट ली थी। इतना ही नहीं, उसकी उंगली में पहनी हुई सोने की अंगूठी भी निकालकर अपने साथ ले गए थे। पुलिस को संदेह है कि आर्थिक लाभ और नशे की लत ने दोनों युवकों को इस जघन्य अपराध की ओर धकेला।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : 3 साल की मासूम को तेज रफ्तार कैंपर ने मारी टक्कर, तोड़ा दम- चालक गिरफ्तार

टैक्सी चालक को पहले से जानते थे आरोपी

पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि दोनों आरोपी पहले भी कई बार उसी चालक की टैक्सी किराये पर लेकर होशियारपुर की ओर यात्रा कर चुके थे। यानी आरोपी चालक से पूरी तरह परिचित थे और संभव है कि उन्होंने पहले से ही वारदात की योजना बनाई हो। पुलिस अब मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।

हत्या का मामला होगा दर्ज

एसपी देहरा संदीप धवल के अनुसार, चालक की मौत के बाद अब दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा। दोनों युवक पहले ही पुलिस गिरफ्त में हैं और उनसे आगे भी पूछताछ जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध सभी साक्ष्यों को अदालत में मजबूती से पेश किया जाएगा ताकि दोषियों को कड़ी सजा मिल सके।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख