#अपराध
August 14, 2026
हिमाचल में दिन दिहाड़े लू.टपाट: मां-बेटी पर बं*दूक तान लूटे गहने-नगदी, बाइक पर आए थे दो नकाबपोश
बेटी की जा*न की खातिर मां ने नहीं किया विरोध लूटेरों को दे दिए गहने
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश में लूटपाट की घटनाओं के बीच ऊना जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां दिनदहाड़े बाइक सवार दो नकाबपोश युवकों ने बंदूक की नोक पर मां-बेटी को डराकर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने बडूही-डुमखर सड़क पर नीलकंठ मंदिर के पास सुनसान जगह देखकर कार को रुकवाया और महिलाओं को हथियार दिखाकर धमकाया। वारदात के बाद दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
दिन के उजाले में हुई इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
जानकारी के अनुसार जालंधर निवासी कविता शर्मा अपने परिवार की महिलाओं के साथ कार में सवार होकर जोल गांव की ओर जा रही थीं। कार परिवार की ही एक युवती चला रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उनकी कार का पीछा करना शुरू कर दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: शादी का सपना दिखा महिला से 15 साल तक मुंह काला करता रहा युवक, अब थाने पहुंची पीड़िता
बताया जा रहा है कि नीलकंठ मंदिर के पास सड़क के सुनसान हिस्से में पहुंचते ही दोनों युवकों ने कार को रुकने का इशारा किया। कार रुकते ही बदमाशों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि एक युवक ने महिला की कनपटी पर हथियार तान दिया, जबकि दूसरे ने उनकी बेटी को भी पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
अचानक हथियारों के साथ सामने खड़े बदमाशों को देखकर मां-बेटी बुरी तरह सहम गईं। शिकायत के अनुसार बदमाशों ने उन्हें धमकाते हुए सोने के गहने और नकदी सौंपने को कहा। बेटी की जान को खतरा देखकर मां ने विरोध करने के बजाय अपने गले से सोने की चेन उतारकर बदमाशों को दे दी। बदमाश कथित तौर पर लूट का सामान लेकर मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े सड़क पर हथियार दिखाकर की गई इस वारदात ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू का ऐलान: 17 अगस्त को मिलेगी स्वतंत्रता दिवस की छुट्टी, बंद रहेंगे सभी स्कूल-कॉलेज
मामले में यह बात भी सामने आई है कि दोनों संदिग्धों ने इससे पहले सड़क से गुजर रहे एक अन्य वाहन को भी रोकने की कोशिश की थी। हालांकि उस समय सड़क पर अधिक वाहनों की आवाजाही होने के कारण कथित तौर पर वे अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके। इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर कविता शर्मा के परिवार की कार का पीछा किया और सुनसान स्थान देखकर उसे रोक लिया। पुलिस अब इस पहलू की भी जांच कर रही है कि क्या पहले हुई घटना और बाद में हुई लूट की वारदात में वही दोनों युवक शामिल थे।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है। आसपास के रास्तों पर नाकेबंदी कर संदिग्ध बाइक सवारों की तलाश की जा रही है। इसके साथ ही पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान और उनके भागने की दिशा का पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। दिनदहाड़े हथियार के बल पर हुई इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में भी भय का माहौल है और लोग सड़क पर सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।