#अपराध
August 21, 2026
हिमाचल : जमीनी विवाद के चलते गाड़ी से कु..चले ससुर और बहू, स्कूटी से घर लौट रहे थे दोनों
दोनों पक्षों में पहले भी हुई थी मा.रपी.ट
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बल्ह घाटी के मलथेहड़ गांव में एक बहू और उसके ससुर को वाहन से कुचलने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। घटना में स्कूटी सवार दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घटना गुरुवार दोपहर की है। जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद और मारपीट हो चुकी थी। इस दौरान कुछ लोग घायल हुए थे। मामले में दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज की थी। पुलिस कार्रवाई और मेडिकल जांच के बाद एक पक्ष वहां से चला गया था।
बताया गया है कि इसके बाद सानू देवी अपने ससुर जय किशन के साथ स्कूटी पर घर लौट रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने जानबूझकर अपने वाहन से उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। आरोप है कि वाहन से दोनों को कुचलने का भी प्रयास किया गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि सानू देवी और जय किशन गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और स्थानीय लोगों ने दोनों को उपचार के लिए तुरंत लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल नेरचौक पहुंचाया।
नेरचौक अस्पताल में दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने सानू देवी और जय किशन को आगे के उपचार के लिए AIIMS बिलासपुर रेफर कर दिया।
उधर, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए वाहन की पहचान कर उसके संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। साथ ही दोनों पक्षों के बीच पहले हुए विवाद और मारपीट से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है और मामले में आगामी कार्रवाई तथ्यों के आधार पर की जाएगी।