#अपराध
October 7, 2025
गजब! HPU के इस कॉलेज के हाल, एक परीक्षा.. एक छात्र.. चेकिंग को आई दो-दो आंसर शीट्स; मचा हड़कंप
एचपीयू के कॉलेज में एक पेपर एक छात्र आंसर शीट्स दो दो
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से जुड़े पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज ऊना में हाल ही में हुई परीक्षा में एक गंभीर मामला सामने आया हैए जिसने कॉलेजों में परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जून 2025 में हुई एमए अंग्रेजी विषय की परीक्षा में एक ही छात्र की दो अलग.अलग आंसर शीट्स यूनिवर्सिटी तक पहुंच गईं, जिससे विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारी भी चौंक गए।
मामले का खुलासा तब हुआ जब आंसर शीट चेकिंग के लिए अधिकारी के पास पहुंची, अधिकारी एक ही रोलनंबर की दो आंसरसीट देखकर चौंक गया। जिसके बाद अधिकारी ने इसकी जानकारी यूनिवर्सिटी प्रबंधन को दी। इस मामले की जानकारी मिलने के बाद विश्वविद्यालय ने कॉलेज प्रशासन से तत्काल स्पष्टीकरण तलब किया। बताया जा रहा है कि दोनों उत्तर पुस्तिकाओं में छात्र का रोल नंबर, विषय कोड और अन्य विवरण एक समान हैं, लेकिन एक आंसर शीट में परीक्षा का प्रकार री.अपियर दर्ज है, जबकि दूसरी में नियमित लिखा है। दोनों आंसर शीट्स में अलग-अलग मोहर और परीक्षा अधीक्षक के हस्ताक्षर मौजूद हैं।
पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज ऊना की प्राचार्या डॉ. मीता शर्मा ने बताया कि मामले की तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है। जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जा रही है। यदि कोई व्यक्ति इस गड़बड़ी का दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच रिपोर्ट विश्वविद्यालय को भेज दी गई है और विस्तृत रिपोर्ट जल्द ही प्रस्तुत की जाएगी।
कॉलेज प्रशासन ने विश्वविद्यालय को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी तथ्यों और जिम्मेदारियों का विवरण रिपोर्ट में शामिल किया जाए, ताकि परीक्षा प्रणाली में किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोका जा सके।
यह घटना एक छात्र और दो आंसर शीट्स के संदर्भ में सामने आने वाली पहली बड़ी अनियमितता है। वहीं मामला विश्वविद्यालय प्रशासन और छात्रों के लिए चेतावनी की तरह है। परीक्षार्थियों में भी आशंका पैदा हो गई है कि यदि इसी तरह की गड़बड़ी होती रही, तो परीक्षा प्रणाली की निष्पक्षता पर असर पड़ेगा। अधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में इस तरह की अनियमितताओं को रोकने के लिए सख्त दिशा-निर्देश लागू किए जाएंगे।