#अपराध
January 10, 2026
कुल्लू में ये क्या हो रहा ? 4 दिन में तीन मर्ड*र, परिजनों ने खोए कमाऊ बेटे- इलाके में दहशत
अलग-अलग थाने में हत्या के मामले दर्ज
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू में लगातार सामने आ रही हत्या की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिला कुल्लू में ही बीते 4 दिनों में 3 हत्याओं के मामले ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। बंजार घाटी में प्रेमी की हत्या के बाद 2 और मर्डर केस ने लोगों की चिंता को बढ़ा दिया है। वहीं, पुलिस के सामने कई चुनौतियां खड़ी है।
बता दें कि, ताजा मामलों में दो हत्याएं थाना पतलीकुहल और थाना सैंज क्षेत्र के अंतर्गत सामने आई हैं। दोनों ही घटनाएं आपसी विवाद और मारपीट के दौरान हुईं, जो बाद में जानलेवा साबित हुईं।
पतलीकुहल क्षेत्र में दो नेपाली नागरिकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच जबरदस्त मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान एक व्यक्ति को गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही हालत नाजुक हो गई। घायल व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके और उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
वहीं, दूसरा मामला थाना सैंज क्षेत्र का है, जहां 4 जनवरी को हुई मारपीट में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल व्यक्ति का इलाज चल रहा था, लेकिन उसने बाद में दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार यह मामला भी आपसी झगड़े का था, जो हिंसक रूप ले बैठा और अंततः एक व्यक्ति की मौत का कारण बन गया।
इन दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। कुल्लू के पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने जानकारी देते हुए बताया कि दोनों ही घटनाओं में हत्या के मामले दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए दोनों मामलों में दो-दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
लगातार हो रही हत्याओं ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस के लिए बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। शांत माने जाने वाले कुल्लू जिले में इस तरह की घटनाओं ने लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ाई जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।