#अपराध
August 13, 2026
हिमाचल: परिवार को नशीला पदार्थ सुंघाकर किया बेहोश, फिर शातिरों ने लूट लिया पूरा घर
दो लाख नगदी और 12 लाख के गहने चोरी कर ले गए शातिर
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां देर रात अज्ञात शातिरों ने एक परिवार को नशीला पदार्थ सुंघाकर कथित तौर पर बेहोश कर दिया और इसके बाद घर में बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर मकान से करीब 14 लाख रुपये की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
मामला थाना कलां क्षेत्र के मंझेड़ गांव का है। बताया जा रहा है कि विक्रम सिंह का परिवार बुधवार रात खाना खाने के बाद अपने घर में सो गया था। इसी दौरान अज्ञात शातिरों ने मकान के पिछले हिस्से में लगी लोहे की ग्रिल को उखाड़कर घर में प्रवेश किया। सबसे हैरान करने वाली बात यह सामने आई है कि चोरों ने कथित तौर पर वारदात से पहले परिवार के सदस्यों को नशीला पदार्थ सुंघाया। इसके बाद परिवार के लोग गहरी नींद में चले गए और शातिरों को घर के अंदर चोरी करने का मौका मिल गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: किसान का बेटा बना परमाणु वैज्ञानिक, छोटे से गांव के रोहित ने रचा इतिहास; NPCIL में चयन
घर में दाखिल होने के बाद चोरों ने कमरे में रखी अलमारी को निशाना बनाया। अलमारी के ताले तोड़कर उसमें रखी करीब 2 लाख रुपये की नकदी और लगभग 12 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए गए। इस तरह चोर एक ही रात में करीब 14 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर गए। वारदात को इतनी चालाकी से अंजाम दिया गया कि परिवार के सदस्यों को रात के समय चोरी की भनक तक नहीं लगी।
यह भी पढ़े : दिल्ली में आज सुंदर सिंह के नाम पर लगेगी मुहर : कुई मंत्रियों से छिन सकती है पॉवर
परिवार के सदस्य सुबह उठे तो घर के अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे में रखी अलमारी के ताले टूटे हुए थे और उसमें रखी नकदी व कीमती आभूषण गायब थे। इसके बाद परिवार ने तुरंत पुलिस को मामले की सूचना दी। चोरी की इस वारदात की सूचना मिलते ही थाना कलां पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए वारदात से जुड़े संभावित साक्ष्यों को जुटाना शुरू कर दिया है।
बताया जा रहा है कि विक्रम सिंह के बेटे होलसेल कारोबार से जुड़े हुए हैं। दिल्ली से सामान खरीदने के लिए करीब 2 लाख रुपये की नकदी घर में रखी गई थी। इसी नकदी के साथ चोर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण भी ले गए। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। जिस तरह से घर की ग्रिल उखाड़कर चोर अंदर दाखिल हुए और परिवार को कथित तौर पर नशीला पदार्थ सुंघाने के बाद वारदात को अंजाम दिया गया, उससे लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुलिस अब इस सनसनीखेज चोरी की गुत्थी सुलझाने के लिए अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है। आसपास के इलाकों और मुख्य मार्गों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी, ताकि वारदात के समय संदिग्ध लोगों या वाहनों की गतिविधियों का पता लगाया जा सके। पुलिस घटनास्थल से मिले संभावित साक्ष्यों के आधार पर भी जांच को आगे बढ़ा रही है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर परिवार को नशीला पदार्थ सुंघाकर लाखों की चोरी करने वाले शातिर कौन थे और क्या उन्होंने वारदात को अंजाम देने से पहले घर की रेकी की थी।
थाना प्रभारी रोहित चौधरी के अनुसार मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस चोरों तक पहुंचने के लिए CCTV फुटेज सहित अन्य संभावित सुरागों की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। वहीं, इस घटना ने ऊना में रात के समय घरों की सुरक्षा को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। एक तरफ परिवार गहरी नींद में था और दूसरी तरफ शातिर घर के अंदर दाखिल होकर लाखों रुपये की संपत्ति लेकर फरार हो गए। अब पुलिस के सामने चुनौती इस वारदात को सुलझाने और आरोपियों तक पहुंचने की है।