#अपराध
August 25, 2026
हिमाचल की 17 वर्षीय तनुजा देहारदून से लापता : दो हफ्ते से ढूंढ रहा परिवार, बेबस मां ने मांगी मदद
किराए के कमरे में देहरादून रहती थी तनुजा ठाकुर
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के शिलाई क्षेत्र की 17 वर्षीय लड़की के देहरादून से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। कई दिन बीतने के बाद भी जब बेटी का कोई सुराग नहीं मिला तो परिवार की चिंता बढ़ गई।
लड़की के परिजनों ने सहसपुर पुलिस से उसकी तलाश करने की गुहार लगाई है। बताया जा रहा है कि लड़की का मोबाइल फोन भी लगातार बंद आ रहा है, जिसके चलते परिवार किसी अनहोनी की आशंका से परेशान है।
लापता लड़की की पहचान डिमटी गांव निवासी तनुजा ठाकुर के रूप में हुई है। वह देहरादून के धर्मावाला स्थित चौधरी भवन में किराये के मकान में रह रही थी। परिजनों के अनुसार तनुजा 10 अगस्त 2026 को बिना किसी को बताए किराये के मकान से चली गई थी।
इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। शुरुआत में परिवार ने अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित ठिकानों पर जानकारी जुटाई गई, लेकिन कहीं से भी लड़की के बारे में कोई सुराग नहीं मिला।
कई दिनों तक संपर्क नहीं होने के बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई। परिजनों के मुताबिक तनुजा का मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। जब लगातार तलाश के बावजूद युवती का पता नहीं चला तो उसकी माता सुनीता ठाकुर ने 15 अगस्त को कोतवाली सहसपुर पहुंचकर लिखित शिकायत दी। उन्होंने पुलिस से बेटी की गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू करने का अनुरोध किया।
परिजनों ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द लापता बेटी का पता लगाने की मांग की है। परिवार का कहना है कि बेटी के कई दिनों से संपर्क में नहीं होने के कारण वे बेहद चिंतित हैं।
परिजनों ने आम लोगों से भी तनुजा को तलाशने में सहयोग की अपील की है। परिवार के अनुसार यदि किसी व्यक्ति को लड़की के बारे में कोई जानकारी मिलती है या वह कहीं दिखाई देती है तो तुरंत परिजनों को सूचना दी जाए।