#अपराध
May 27, 2025
हिमाचल : कांग्रेस MLA रामकुमार चौधरी पर अवैध खनन के आरोप! पत्नी के 3 टिप्पर और पोकलेन जब्त
कोलका माता मंदिर के पास पुलिस ने पकड़े तीन टिपर और एक पोकलेन
शेयर करें:
सोलन। हिमाचल प्रदेश की सोलन जिले के मानपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत हांडा कोंडी में अवैध खनन को लेकर उस समय हड़कंप मच गया जब पुलिस ने तीन टिपर और एक पोकलेन को मौके से पकड़ा। यह सभी वाहन कथित तौर पर स्थानीय कांग्रेस विधायक राम कुमार चौधरी की पत्नी के नाम पर हैं और उन पर उनका नाम भी लिखा है। जैसे ही यह कार्रवाई हुई, इसका वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया और भाजपा ने इसे राजनीतिक मुद्दा बना लिया।
दून के पूर्व भाजपा विधायक परमजीत सिंह पम्मी ने एक वीडियो बयान जारी कर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक का परिवार खुद खनन के धंधे में लिप्त है और रात-दिन खड्ड को खोखला कर रहा है। पम्मी ने यह भी कहा कि पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है और सरकार के दबाव में कार्रवाई नहीं कर पा रही।
विवादों में घिरे विधायक राम कुमार चौधरी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि यह उनकी निजी भूमि है और वे वहां पर समतलीकरण कर पौधे लगाने का प्रयास कर रहे हैं। उनके पास इस कार्य की विधिवत अनुमति भी है, जिसे वे जल्द प्रस्तुत करेंगे।
एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि जिस स्थान पर खनन हो रहा था, वह निजी भूमि है। हालांकि खनन के दस्तावेज मौके पर नहीं मिले। एक टिपर में खनिज भरा हुआ था, दो खाली थे। पुलिस ने एहतियातन तीनों टिपर और एक पोकलेन को जब्त कर लिया है। यदि विधायक पक्ष से वैध परमिशन प्रस्तुत की जाती है, तो वाहन छोड़े जाएंगे।
दून के विधायक राम कुमार चौधरी के खिलाफ ये कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई मामले सामने आ चुके है। सवाल उठ रहे हैं कि यदि अनुमति थी तो दस्तावेज मौके पर क्यों नहीं थे? और यदि नहीं थी, तो क्या सत्ता से जुड़े लोगों के लिए नियम अलग हैं? विपक्ष अब सरकार और प्रशासन पर मिलीभगत के आरोप लगा रहा है।