#अपराध

April 24, 2025

हिमाचल: झाड़ियों से मिला महिला का कंकाल, धड़ से अलग था सिर- एक बाजू में चूड़ी मिली

नादौन के सधवान गांव में जमीन की निशानदेही के दौरान हुआ खुलासा

शेयर करें:

Skeleton Found Himachal

हमीरपुर।  हिमाचल के हमीरपुर ज़िले के नादौन क्षेत्र से बुधवार को एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। लाहड़ कोटलू पंचायत के सधवान गांव में शिवा प्रोजेक्ट के अंतर्गत भूमि पर दीवार लगाने के लिए चल रही निशानदेही के दौरान झाड़ियों में एक महिला का कंकाल मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। प्राथमिक अनुमान है कि यह कंकाल करीब तीन से चार महीने पुराना हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो पाएगी।

निशानदेही के दौरान हुआ दिल दहला देने वाला खुलासा

बुधवार दोपहर जब राजस्व विभाग व अन्य अधिकारी गांव में स्थानीय निवासी चंद्रशेखर की भूमि की निशानदेही कर रहे थे, तभी पंचवटी पार्क के पास झाड़ियों की सफाई के दौरान एक छोटे से नाले में मानव कंकाल दिखाई दिया। मौके पर मौजूद लोगों की नजर जब कंकाल पर पड़ी तो देखा गया कि उसकी गर्दन और सिर अलग पड़े थे। 

महिला के कपड़े अभी भी कंकाल से चिपके हुए थे और एक बाजू में चूड़ी भी दिख रही थी, जिससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि मृतक एक महिला है।

 

यह भी पढ़ें : पहलगाम घटना के बाद हिमाचल में हाई अलर्ट- सीमाओं में चौकसी बढ़ी, कई स्थानों पर डटे जवान

पुलिस ने लिया कब्जे में, फॉरेंसिक जांच को भेजा गया कंकाल

सूचना मिलते ही पंचायत प्रधान विपन कुमार ने नादौन पुलिस को जानकारी दी। करीब 12:30 बजे थाना प्रभारी निर्मल सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।

थाना प्रभारी निर्मल सिंह ने बताया कि महिला की पहचान के लिए आसपास के थानों और जिलों से संपर्क किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केस दर्ज कर गहन छानबीन शुरू कर दी गई है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के राशन डिपो में मलका दाल हुई महंगी, कई खाद्य वस्तुओं के भी बढ़े दाम- नई दरें लागू

पहचान और मौत की वजह बना रहस्य

फिलहाल यह रहस्य बना हुआ है कि महिला कौन थी, वह वहां कैसे पहुंची, और उसकी मौत कैसे हुई। क्या यह किसी हत्या का मामला है या किसी प्राकृतिक कारण से महिला की मौत हुई  यह आने वाली जांच के बाद ही साफ हो पाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच तेज कर दी है।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें

Related Tags:
ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख