#अपराध
September 22, 2026
हिमाचल : कर्ज से परेशान था शख्स, पुलिस थाने के पास मिली देह- बेसहारा हुआ परिवार
सुबह सैर करने गए थे युवक, झाड़ियों में दिखी देह
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। छोटी काशी मंडी में पुलिस थाना से महज करीब 50 मीटर की दूरी पर एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है। पुलिस को मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने कर्ज के चलते परेशान होने का जिक्र किया है।
जानकारी के अनुसार, सुबह के समय कुछ युवा रोजाना की तरह सैर के लिए निकले थे। इसी दौरान उनकी नजर पेड़ से लटके व्यक्ति पर पड़ी। युवाओं ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस को मृतक की जेब से सुसाइड नोट के अलावा कुछ दस्तावेज भी मिले। इन दस्तावेजों और नोट में दर्ज जानकारी के आधार पर पुलिस ने मृतक के परिजनों से संपर्क किया। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिवार की मौजूदगी में आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पेड़ से नीचे उतारा।
मृतक की पहचान राजपाल (61) पुत्र सुखराम के रूप में हुई है- जो कि दबारडू, मंडी का रहने वाला था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राजपाल पिछले करीब दो दिनों से मंडी शहर में ही रह रहा था।
बताया जा रहा है कि वह कर्ज को लेकर परेशान था और इसी परेशानी के चलते उसने यह कदम उठाया। हालांकि आत्महत्या के पीछे की पूरी परिस्थितियों को लेकर पुलिस जांच कर रही है। उधर राजपाल की मौत की खबर सुनने के बाद परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस को मिले सुसाइड नोट में मृतक ने कर्ज का जिक्र किया है। साथ ही किसी व्यक्ति के खिलाफ कोई आरोप नहीं लगाया गया है। पुलिस ने सुसाइड नोट और अन्य दस्तावेजों को जांच का हिस्सा बनाते हुए मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
जिस स्थान पर राजपाल का शव मिला, वह जमीन शिक्षा विभाग के अधीन बताई जा रही है। मौके पर काफी झाड़ियां और खाली स्थान होने के कारण यहां अक्सर लोगों की आवाजाही कम रहती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस जमीन का उचित उपयोग करने की मांग उठाई है।
लोगों का कहना है कि खाली पड़ी जमीन और भवनों के आसपास असामाजिक गतिविधियों का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि आसपास के कुछ खाली भवन नशा करने वालों के लिए ठिकाने के रूप में इस्तेमाल होते हैं। ऐसे स्थानों की साफ-सफाई और उचित उपयोग किए जाने की आवश्यकता है।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में पोस्टमार्टम सहित अन्य औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। पुलिस सुसाइड नोट और मृतक के परिवार से मिली जानकारी के आधार पर घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।