#अपराध
March 20, 2025
हिमाचल: पानी में तैरती मिली युवक की देह, परिवार के साथ धार्मिक स्थल आया था
छह दिन बाद मिली होशियारपुर के 25 वर्षीय युवक की देह
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला के उपमंडल अंब के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा बड़भाग सिंह मैडी मेले के बीच आज उस समय अफरा तफरी मच गई। जब बाबा बड़भाग सिंह मैड़ी के चरण गंगा में पुलिस को एक लापता शख्स का शव मिला। यह शख्स अपने परिवार के साथ मैडी मेले में आया था और अचानक अपने साथियों से बिछड़ गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक युवक की पहचान 25 वर्षीय गुरप्रीत सिंह पुत्र जसवंत सिंह निवासी अरगोवाल तहसील दसूहा जिला होशियारपुर के रूप में हुई है। गुरप्रीत सिंह अपने परिवार और अन्य संगत के साथ मैडी मेले में आया था। 14 मार्च को वह अचानक अपने साथियों से बिछड़ गया और लापता हो गया था। इस संबंध में परिजनों ने अंब पुलिस थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई थी।
यह भी पढ़ें: ब्रेकिंग: बंबर ठाकुर केस में एक शूटर अरेस्ट, जानें कहां से दबोच लाई SIT
आज गुरुवार को जब कुछ सफाई कर्मचारी सफाई कर रहे थे, तभी उन्हें चरण गंगा के पास एक शव पानी में तैरता हुआ दिखा। जिसकी सूचना उन्होंने पुलिस थाना अंब को दी। सूचना मिलते ही एसएचओ अनिल उपाध्याय अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पानी से बाहर निकाला।
यह भी पढ़ें : निर्मला सीतारमण से मिले CM सुक्खू: जानें क्या बात हुई और क्या कुछ मांगा ?
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। एसएचओ अनिल उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। वहीं मृतक के परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है।