#अपराध
May 17, 2026
हिमाचल : मतदान के बीच कार से मिला 204 ग्राम चिट्टा, दिल्ली नंबर की गाड़ी में खेप लेकर पहुंचे 4 पंजाबी
पुलिस ने जाल बिछाकर दबोचे चिट्टा सप्लायर, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच चंबा पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पंजाब से हिमाचल में चिट्टे की भारी खेप सप्लाई करने पहुंचे चार युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से इतनी बड़ी मात्रा में चिट्टा बरामद हुआ कि पुलिस टीम भी हैरान रह गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
माना जा रहा है कि आरोपी पंजाब से हिमाचल में नशे की सप्लाई देने पहुंचे थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान उन्हें दबोच लिया। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की तह तक जाने में जुट गई है। मतदान के बीच चिट्टे जैसे नशे की बड़ी खेप हिमाचल में मिलना बेहद चिंताजनक है।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार ने लिया ऐतिहासिक फैसला, अब जेल से बाहर नहीं आएंगे खतरनाक आरोपी, जानें वजह
जानकारी के अनुसार चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग-154A पर पुलिस द्वारा नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान डुगा डांगा कटोरी बंगला के पास देर रात पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की हुई थी। तभी पठानकोट की तरफ से चंबा आ रही एक कार को संदेह के आधार पर रोका गया। कार में बैठे युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने गहन तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार से 204 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इतनी बड़ी मात्रा में नशा मिलने के बाद पुलिस टीम के भी होश उड़ गए। पुलिस ने मौके पर ही चारों युवकों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में गिरफ्तार युवकों की पहचान पंजाब के अमृतसर जिले के रहने वालों के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि आरोपी हिमाचल में नशे की बड़ी सप्लाई देने आए थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर यह खेप कहां से लाई गई थी और प्रदेश में इसे किस इलाके में पहुंचाया जाना था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : घर से वोट डालने निकला बुजुर्ग, पोलिंग बूथ के पास थमी सांसें- सदमे में परिवार
सूत्रों के अनुसार बरामद चिट्टे की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। माना जा रहा है कि इस खेप को छोटे-छोटे हिस्सों में बेचकर युवाओं तक पहुंचाया जाना था। चंबा पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल फोन, संपर्क और नेटवर्क की जांच कर रही है, ताकि इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।
चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कार को भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जिला पुलिस ने साफ कहा है कि हिमाचल में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।