#अपराध
June 20, 2026
हिमाचल में लाखों का चिट्टा सप्लाई करने आए थे दो पंजाबी युवक, मंदिर के पास करने वाले थे बड़ी डील
बाइक की सीट के नीचे छिपाया था लाखों का चिट्टा
शेयर करें:

धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश और पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में पैर पसार चुके अंतर्राज्यीय नशा तस्करों के नेटवर्क पर नूरपुर पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। सीआईए (CIA) नूरपुर की टीम ने थाना डमटाल के अधिकार क्षेत्र से पंजाब के दो शातिर नशा तस्करों को रंगे हाथ दबोचा है। दोनों युवक पंजाब से लाखों रुपये का चिट्टा (हेरोइन) हिमाचल प्रदेश में सप्लाई करने पहुंचे थे।दोनों आरोपी रात के अंधेरे में मंदिर के समीप खड़े होकर कथित खरीदार का इंतजार कर रहे थे, लेकिन इससे पहले कि नशे की यह खेप किसी तक पहुंचती, पुलिस ने दबिश देकर पूरे खेल का पर्दाफाश कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि 25 और 28 वर्ष के दोनों युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर पंजाब से हिमाचल प्रदेश पहुंचे थे। आरोप है कि वे नशे की बड़ी खेप को सीमावर्ती क्षेत्र में सप्लाई करने की तैयारी में थे। पुलिस को संदेह है कि यह खेप स्थानीय नेटवर्क के जरिए आगे विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचाई जानी थी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: DIG संजीव गांधी से वसूले जाएंगे 1.80 लाख रुपए, आवास खाली ना करने पर लगाया डैमेज चार्ज
सूत्रों के अनुसार सीआईए नूरपुर की टीम क्षेत्र में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि दो संदिग्ध युवक डमटाल क्षेत्र में स्थित हिलटॉप दुर्गा माता मंदिर के नजदीक मौजूद हैं और उनके पास भारी मात्रा में चिट्टा है। बताया गया कि दोनों किसी संपर्क व्यक्ति या खरीदार के आने का इंतजार कर रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी कर दी और संदिग्ध युवकों तक पहुंच गई।
पुलिस की मौजूदगी देखकर दोनों युवक घबरा गए, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल की सीट के नीचे से 154 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। बरामद नशे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर ही नशीला पदार्थ और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू ने दी पंचायत चौकीदारों को बड़ी सौगात- रेगुलर करने के आदेश किए जारी
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान पंजाब के गुरदासपुर जिले के 25 वर्षीय पारस और 28 वर्षीय विजय कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में दोनों के पंजाब से संबंध सामने आए हैं और पुलिस उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसे हिमाचल प्रदेश में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। जांच एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही हैं। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान नशा तस्करी से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं। यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों के संपर्क में हिमाचल और पंजाब के कौन-कौन लोग थे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में 64 हजार बच्चों ने छोड़ी पढ़ाई- लड़कियों का आंकड़ा अधिक, शिक्षा विभाग की बढ़ी चिंता
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना डमटाल में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दोनों से गहन पूछताछ जारी है और पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय नशा तस्करी नेटवर्क से इनके क्या संबंध हैं। हिमाचल-पंजाब सीमा पर लगातार बढ़ रही नशा तस्करी की गतिविधियों के बीच इस कार्रवाई को पुलिस की एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।