#अपराध
August 9, 2025
हिमाचल: फोरलेन निर्माण में लापरवाही ने छीन लिया परिवार का सहारा, पुलिया से नीचे गिरा शख्स
रात भर पुलिया के नीचे पड़ा रहा शख्स, सुबह तक थम गई थी सांसें
शेयर करें:

शाहपुर (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश में फोरलेन निर्माण कार्य के दौरान कई हादसे हो रहे हैं। कई हादसों में फोरलेन निर्माण में लगी कंपनी की लापरवाही भी सामने आती रही है। ऐसा ही एक मामले में फोरलेन कंपनी की लापरवाही ने एक परिवार से उनका सदस्य छीन लिया है। पठानकोट मंडी फोरलेन निर्माण कार्य में लापरवाही का यह गंभीर मामला कांगड़ा जिला के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के रैत में से सामने आया है।
दरअसल रैत में बीती रात को एक व्यक्ति की पुलिया से नीचे गिरकर मौत हो गई है। मृतक की पहचान 52 वर्षीय रविंद्र कुमार पुत्र चानू राम निवासी गांव नशैहरा डाकघर रैत तहसील शाहपुर जिला कांगड़ा के रूप में की गई है। यह हादसा उस समय हुआ जब वह रैत से अपने गांव लौट रहा था और फोरलेन निर्माणाधीन पुलिया पार कर रहा था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में यहां दरका पहाड़, मलबे में दफन हो गया पेट्रोल पंप; ड्यूटी पर थे कई कर्मचारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात रविंद्र कुमार अपने घर लौट रहे थे। गांव से मात्र आधा किलोमीटर पहले एक अस्थायी पुलिया से गुजरते समय उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गए। यह स्थान फोरलेन निर्माणाधीन क्षेत्र में आता है, जहां निर्माण कंपनी द्वारा पुलिया की भराई नहीं की गई थी। स्थानीय लोगों के अनुसार पुलिया के पार जाने के लिए एक अस्थायी लकड़ी का फट्टा लगाया गया था, जो हादसे का कारण बना।
यह भी पढ़ें : प्रतिभा सिंह बोली: मैंने मुख्यमंत्री से किया था आग्रह... जानें किस बात पर जताई नाराजगी
रविंद्र कुमार के देर रात तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी रविंद्र का कोई पता नहीं चला। लेकिन आज शनिवार सुबह उनका शव पुलिया के नीचे मिला। इस हादसे ने पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैला दी है।
मृतक के बेटे दिनेश कुमार ने निर्माण कंपनी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिया की भराई न होने की शिकायत कई बार संबंधित कंपनी से की गई थी। संभावित हादसे की चेतावनी भी दी गई थी, लेकिन कंपनी ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। दिनेश का कहना है कि यह हादसा कंपनी की लापरवाही का नतीजा है और वह इसके खिलाफ जल्द ही हाईवे जाम कर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: रात के अंधेरे में नशा सप्लाई करने निकले थे दो युवक, बड़ी खेप के साथ धरे
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस थाना शाहपुर की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी करतार सिंह ठाकुर ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और घटना की विस्तृत जांच जारी है। वहीं स्थानीय विधायक केवल सिंह पठानिया ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने फोरलेन निर्माण कंपनी को निर्देश दिए हैं कि मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों का पालन न करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में यहां दरका पहाड़, मलबे में दफन हो गया पेट्रोल पंप; ड्यूटी पर थे कई कर्मचारी
इस हादसे के बाद क्षेत्र में निर्माण कंपनी के प्रति गुस्सा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि फोरलेन परियोजना में लगातार लापरवाही देखने को मिल रही है। अधूरी संरचनाएंए चेतावनी बोर्डों की कमी और अस्थायी इंतजामों के चलते लोगों की जान जोखिम में डाली जा रही है। रविंद्र कुमार की मौत न केवल एक परिवार की व्यक्तिगत क्षति है, बल्कि यह सिस्टम की एक बड़ी चूक को भी उजागर करती है, जिसे अनदेखा करना अब और संभव नहीं है।