#अपराध
March 10, 2026
हिमाचल: युवती सहित मां और दो बेटे चिट्टे की बड़ी खेप के साथ पकड़े, नगदी भी हुई बरामद
कार में ले जा रहे थे नशे की सप्लाई, पुलिस ने रास्ते में ही दबोच लिए
शेयर करें:

नाहन। हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी का जाल लगातार फैलता जा रहा है और अब इस अवैध कारोबार में पूरे परिवार के शामिल होने के मामले भी सामने आने लगे हैं। ताजा मामला सिरमौर जिले के नाहन से सामने आया है, जहां पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही परिवार के तीन लोगों सहित चार आरोपियों को चिट्टे और ड्रग मनी के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस की विशेष जांच इकाई ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक कार को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान कार से करीब 15.73 ग्राम चिट्टा और 10 हजार से अधिक नकदी बरामद की गई। पुलिस के अनुसार यह नकदी प्रारंभिक जांच में नशे के कारोबार से जुड़ी कमाई मानी जा रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: पैदल घर जा रहे शख्स को निजी बस ने कुचला, थम गई सांसें; पसरा मातम
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जिस गिरोह को पकड़ा उसमें मां और उसके दो बेटे भी शामिल थे। आरोपियों की पहचान राघवन कुमार उर्फ रोक्स, निखिल कुमार और उनकी मां लतिका के रूप में हुई है। यह तीनों ही कालाअंब जिला अंबाला हरियाणा के रहने वाले हैं। जबकि इनके साथ एक अन्य युवती पिंकी उर्फ नैंसी भी कार में मौजूद थी, जिसे भी पुलिस ने मौके पर ही हिरासत में ले लिया। युवती पिंकी उर्फ नैंसी गांव गलोग नगाली, डाकघर बड़ोग रेलवे स्टेशन, तहसील व जिला सोलन, हाल निवासी गांव कोटड़ी, नाहन, जिला सिरमौर की रहने वाली है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की राजनीति में आएगा बड़ा भूचाल! कांग्रेस-भाजपा के 40 दिग्गजों ने की गुप्त बैठक, जानें कारण
पुलिस को सूचना मिली थी कि संदिग्ध लोग कार में नशीला पदार्थ लेकर नाहन के कोटड़ी क्षेत्र की ओर जा रहे हैं और लंबे समय से नशे की सप्लाई के धंधे से जुड़े हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत नाका लगाकर वाहन को रोका और जांच के दौरान पूरा मामला सामने आ गया। तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपियों के पास से 10,450 रुपये नकद भी मिले हैं। जांच एजेंसियों का मानना है कि यह रकम नशीले पदार्थों की बिक्री से मिली हो सकती है, जिसे पुलिस अब साक्ष्य के तौर पर जांच में शामिल कर रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल को नहीं मिलेगा LPG सिलेंडर...केंद्र से फरमान जारी- जानिए क्या है वजह
इस मामले में हिमाचल प्रदेश पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नशीले पदार्थों से जुड़े सख्त कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया है। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और पुलिस रिमांड लेने की तैयारी की जा रही है।
सिरमौर के पुलिस अधीक्षक एन.एस. नेगी ने बताया कि जांच के दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए गहन जांच कर रही है।
लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने प्रदेश में नशे के बढ़ते खतरे को उजागर कर दिया है। खासकर परिवार के कई सदस्यों के इस अवैध धंधे में शामिल होने से यह साफ संकेत मिल रहे हैं कि नशा तस्करी का जाल समाज में गहराई तक फैलने लगा है, जिसे रोकना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।