#अपराध

April 26, 2025

हिमाचल : मोंटू ने दो दोस्तों के साथ मिलकर किया लव स्टोरी का दी एंड, जंगल में फेंकी प्रेमिका पिंकी

चेहरा बिगाड़ने की कोशिश, टैटू से हुई पहचान

शेयर करें:

Kangra News

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के पालमपुर में प्रवासी महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 10 अप्रैल को उस समय सामने आई जब झारखंड की रहने वाली महिला अचानक लापता हो गई। 22 अप्रैल को उसकी लाश जंगल में मिलने के बाद पुलिस ने इस गुत्थी को महज तीन दिनों में सुलझा लिया।

क्षत-विक्षत हालत में मिली महिला की लाश

मृतका की पहचान पिंकी देवी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से झारखंड के नावाडीह पैंक, बोकारो की रहने वाली थी और भवारना क्षेत्र में मजदूरी कर रही थी। परिवार ने 10 अप्रैल को उसकी गुमशुदगी की शिकायत पुलिस थाने में दर्ज करवाई थी। करीब 12 दिनों बाद, 22 अप्रैल को पालमपुर के गलू लंघा जंगल में एक क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान बाद में पिंकी देवी के रूप में हुई।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : BIRTHDAY वाले दिन राइडर को लगा करंट, दोस्तों ने चिता के सामने बाइक रख दी अंतिम विदाई

चेहरा बिगाड़ने की कोशिश, टैटू से हुई पहचान

पुलिस को शव की हालत देख कर अंदेशा हुआ कि पहचान छिपाने के लिए चेहरे को जानबूझकर बिगाड़ा गया था, लेकिन मृतका के हाथ पर बने टैटू से उसकी पहचान हो सकी। घटनास्थल से महिला की चप्पल और अन्य सामान भी बरामद हुआ। जांच के लिए जुटी पुलिस टीम ने मोबाइल डाटा को खंगाला तो पता चला कि महिला की आखिरी बातचीत एक व्यक्ति मोंटू से हुई थी।

प्रेमी समेत तीन हुए गिरफ्तार

SP कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने जानकारी दी कि पुलिस ने मुख्य आरोपी मोंटू को दिल्ली से गिरफ्तार किया जबकि उसके दो सहयोगी छोटे लाल और मोती लाल को पालमपुर से दबोचा गया। मोंटू और पिंकी देवी के बीच प्रेम संबंध थे। मोंटू पर पिंकी शादी का दबाव बना रही थी और उससे ढाई लाख रुपये की मांग भी कर रही थी। पुलिस जांच में सामने आया कि इसी तनाव के चलते मोंटू ने हत्या की योजना रची।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : चार मंजिला मकान में फटे 3 गैस सिलेंडर, हुआ जोरदार विस्फोट- धमाके की गूंज से दहल उठा इलाका

कैसे रची थी साजिश?

9 अप्रैल को मोंटू ने अपने दोनों दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। अगले दिन यानी 10 अप्रैल को उसने पिंकी को मरांडा से मोटरसाइकिल पर बिठाकर जंगल की तरफ ले गया, जहां तीनों ने मिलकर महिला की हत्या कर दी। हत्या के तुरंत बाद मोंटू दिल्ली भाग गया था, जबकि उसके साथी लगातार पालमपुर में रहकर पुलिस की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थे।

नहीं हुआ यौन उत्पीड़न

SP शालिनी ने यह स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के साथ किसी तरह के यौन उत्पीड़न के कोई संकेत नहीं मिले हैं। साथ ही उन्होंने इस मामले में संयमित रिपोर्टिंग के लिए मीडिया और स्थानीय लोगों का धन्यवाद किया, जिससे जांच प्रभावित नहीं हुई। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख