#अपराध
August 17, 2025
हिमाचल से लापता हुई थी मां-बेटी, पंजाब में बिना कपड़ों के मिली महिला की देह; मासूम लापता
तीन साल की बेटी के साथ दवाई लेने गई थी महिला 8 दिन बाद मिली देह
शेयर करें:

कुल्लू/ कीरतपुर। हिमाचल के कुल्लू जिला से कुछ दिन पहले तीन साल की मासूम बेटी के साथ लापता हुई महिला की देह पंजाब के कीरतपुर साहिब में मिली है। महिला के शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था। इस सनसनीखेज घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। वहीं महिला के साथ लापता हुई उसकी तीन साल की मासूम बेटी का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है।
मिली जानकारी के अनुसार पंजाब के श्री कीरतपुर साहिब-रूपनगर राष्ट्रीय मार्ग के पास एक नाले से नग्न अवस्था में महिला की लाश मिली है। महिला की पहचान हिमाचल प्रदेश के लाहौल.स्पीति जिले की रहने वाली सपना कुमारी (उम्र लगभग 30 वर्ष) के रूप में की गई। उनके साथ आई उनकी तीन साल की बेटी अधविका अब भी लापता है, जिससे मामले की संवेदनशीलता और भी बढ़ गई है।
सपना कुमारी के पति राम सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 4 अगस्त को सपना अपनी बेटी अधविका के साथ दवाइयां लेने कुल्लू गई थीं। लेकिन इसके बाद से ही उनका फोन बंद आने लगा। कई दिन तक कोई संपर्क न होने के बाद राम सिंह ने तलाश शुरू की। 13 अगस्त को सोशल मीडिया पर एक वायरल तस्वीर के जरिए उन्होंने कीरतपुर के अस्पताल में मिले एक शव की पहचान सपना के रूप में की।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: उफान पर आई खड्ड ने बुझा दी दहकती चिता, अंतिम संस्कार के बीच मची अफरा तफरी
मृतक महिला के पति ने पुलिस को दिए बयान में उसकी पत्नी की हत्या की आशंका जाहिर की है। उसका कहना है कि उसकी पत्नी की हत्या कर शव को यहां फेंका गया है। मृतक महिला के पति के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
कीरतपुर साहिब थाना प्रभारी जतिन कपूर ने पुष्टि की है कि महिला की मौत संदिग्ध परिस्थियों में हुई है और हत्या की आशंका के चलते अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी लंबित है क्योंकि डॉक्टरों का पैनल गठित नहीं हो पाया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: बाढ़ ने मिटा दिया आधे गांव का नामोनिशान, मलबे में बह गए कई घर दुकानें और गाड़ियां
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे चौंकाने वाला और दुखद पहलू यह है कि सपना की तीन साल की बेटी अधविका अब तक लापता है। हिमाचल प्रदेश और पंजाब की पुलिस इस बच्ची की तलाश में संयुक्त रूप से प्रयास कर रही है, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के इस जिला में बाढ़ जैसे हालात: घरों-खेतों में घुसा पानी, आशियाने छोडने को मजबूर हुए लोग
मृतक महिला के पति राम सिंह ने बताया कि दोनों की 2018 में लव मैरिज हुई थी। वे साथ में ढाबा चलाते थे और उनके दो बच्चे हैं। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी हाल ही में ढाबे पर आने वाले कुछ लोगों से काफी बातचीत करती थीं, जिस पर उन्होंने आपत्ति भी जताई थी। इस मुद्दे को लेकर दोनों के बीच मनमुटाव हुआ था, लेकिन हत्या और बच्ची की गुमशुदगी जैसे गंभीर घटनाक्रमों ने मामले को कहीं अधिक जटिल बना दिया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के जवान को J&K में मिली शहादत, आज शाम तिरंगे में लिपटी देह पहुंचेगी घर
यह घटना न सिर्फ एक परिवार की त्रासदी है, बल्कि यह प्रदेश में बढ़ते अपराधों की भयावह तस्वीर भी पेश करती है। हाल के महीनों में पंजाब और पड़ोसी राज्यों में महिलाओं के खिलाफ अपराध, बच्चों की गुमशुदगी और हत्या जैसे मामलों में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है। जनता के बीच भय का माहौल पनप रहा है, और कानून व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। ऐसे में आवश्यकता है कि पुलिस प्रशासन तेजी से कार्रवाई करे, मामले की निष्पक्ष और गहन जांच सुनिश्चित करे, और दोषियों को जल्द सजा दिलाए।