#विविध

August 17, 2025

हिमाचल: उफान पर आई खड्ड ने बुझा दी दहकती चिता, अंतिम संस्कार के बीच मची अफरा तफरी

जेसीबी से मिट्टी की दीवार बनाकर बहने से बचाई चिता

शेयर करें:

Hamirpur News

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन को पूरी तरह से अस्त.व्यस्त कर दिया है। कई क्षेत्रों में सड़कों का संपर्क टूट गया है, नदियों और खड्डों में जलस्तर खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है और भूस्खलन की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसी क्रम में रविवार को बिलासपुर जिले से एक अनोखी और चिंताजनक घटना सामने आई, जिसने प्राकृतिक आपदाओं के बीच मानवीय संघर्ष की एक झलक दिखा दी।

खड्ड का बढ़ा जलस्तर जलती चिता तक पहुंचा

घटना झंडूता विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बिलासपुर और हमीरपुर की सीमा पर स्थित भलू पुल के पास की है। यहां एक व्यक्ति का शुक्र खड्ड किनारे अंतिम संस्कार किया जा रहा था, लेकिन तभी बारिश के कारण शुक्र खड्ड का जलस्तर बढ़ गया और खड्ड का पानी जलती चिता तक पहुंच गया। खड्ड के पानी से जहां चिता बुझने लगी वहीं उसके बह जाने का खतरा उत्पन्न हो गया। इस आपात स्थिति ने वहां मौजूद लोगों को सकते में डाल दिया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: बाढ़ ने मिटा दिया आधे गांव का नामोनिशान, मलबे में बह गए कई घर दुकानें और गाड़ियां

जेसीबी से बनाई मिट्टी की दीवार

स्थिति को भांपते हुए स्थानीय लोगों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन को मौके पर बुलाया। पहले जेसीबी की मदद से चिता के चारों ओर जमा मलबा हटाया गया, फिर चिता को बचाने के लिए एक अस्थायी मिट्टी व पत्थरों की दीवार खड़ी की गई। इस दीवार के माध्यम से पानी के बहाव को दूसरी दिशा में मोड़ दिया गया, जिससे चिता को नुकसान नहीं हुआ और विधिपूर्वक अंतिम संस्कार पूरा किया जा सका।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के इस जिला में बाढ़ जैसे हालात: घरों-खेतों में घुसा पानी, आशियाने छोडने को मजबूर हुए लोग

 

इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि किस प्रकार लोगों ने कठिन हालातों में संयम और समझदारी दिखाते हुए चिता को बचाया। यह घटना न सिर्फ मौसम की मार को दर्शाती है, बल्कि यह भी बताती है कि किस तरह प्राकृतिक आपदाएं जीवन के हर पहलू को प्रभावित कर रही हैं।

प्रदेशभर में भारी बारिश से तबाही

हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों में भारी बारिश ने तबाही मचा रखी है। मंडी और कुल्लू जिलों में बीती रात बादल फटने की घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें कई घर, दुकानें और वाहन मलबे में समा गए। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण कई सड़कें बंद हो गई हैं और यातायात पूरी तरह ठप है। नदी.नालों का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर चुका है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के जवान को J&K में मिली शहादत, आज शाम तिरंगे में लिपटी देह पहुंचेगी घर

 

आपदा प्रबंधन विभाग और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। कई क्षेत्रों में राहत व बचाव कार्य जारी हैं। लेकिन हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं और अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख