#अपराध
March 10, 2026
हिमाचल: दो साल के बेटे को लेकर रातों-रात खिड़की से भाग गई विवाहिता, दर दर भटक रहा परिवार
महिला के रहस्यमयी ढंग से लापता होने पर दो परिवारों को सता रही अनहोनी की चिंता
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने ना सिर्फ लोगों को हैरान कर दिया, बल्कि दो परिवारों को गंभीर चिंता में भी डाल दिया है। दरअसल एक विवाहित महिला अपने दो साल के मासूम बेटे के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। हैरानी की बात यह है कि महिला दरवाजे से नहीं बल्कि खिड़की के रास्ते से घर से भागी है। जिसके चलते महिला के गायब होने पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
यह मामला मंडी जिले के चैलचौक क्षेत्र के बाग गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार विवाहिता ज्योति कुमारी अपने दो वर्षीय बेटे स्वांश भारद्वाज के साथ घर में सोई हुई थी। सुबह जब परिवार के लोग उठे तो कमरे की खिड़की खुली हुई थी और मां.बेटा दोनों गायब थे। खिड़की के रास्ते घर से निकलने की बात ने पूरे मामले को और भी रहस्यमयी बना दिया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल का 26 वर्षीय जवान शहीद- J&K में ट्रेनिंग के दौरान तोड़ा दम, कल घर पहुंचेगी पार्थिव देह
विवाहिता के अचानक लापता होने के बाद ससुराल पक्ष में हड़कंप मच गया। परिवार के लोगों ने पहले अपने स्तर पर ही आसपास के इलाकों, सड़कों और जंगलों में तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और परिचितों के घरों में भी पूछताछ की गई, लेकिन जब महिला का कोई सुराग नहीं लगा तो परिजनों ने गोहर पुलिस थाना में महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।
पुलिस को सौंपी शिकायत में सुरेंद्र कुमार ने बताया कि उनकी बहु ज्योति कुमारी पत्नी ईश्वर दास 7 मार्च की रात को रोज की तरह ज्योति अपने दो साल के बेटे स्वांश के साथ अपने कमरे में सो रही थी। जब सुबह वह कमरे से बाहर नहीं आई तो परिवार कमरे में गया तो ज्योति बच्चे सहित गायब थी। वहीं कमरे की खिड़की खुली हुई थी। सुरेंद्र की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
महिला के इस तरह अचानक गायब हो जाने से मायके और ससुराल दोनों परिवारों में गहरी चिंता का माहौल है। तीन दिन बीत जाने के बाद भी महिला और उसके बच्चे का कोई सुराग ना लगने से परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका सताने लगी है। परिवार के लोग लगातार यही उम्मीद लगाए बैठे हैं कि जल्द से जल्द मां-बेटे का सुरक्षित पता चल जाए।
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर महिला रात के समय खिड़की के रास्ते घर से बाहर क्यों निकली। क्या वह किसी के साथ गई या फिर किसी दबाव में घर छोड़ा, यह अभी साफ नहीं हो पाया है। इसी वजह से इस गुमशुदगी को लेकर तरह.तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।
मामले की सूचना मिलने के बाद हिमाचल प्रदेश पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस महिला के मोबाइल फोन की जानकारी जुटाने के साथ-साथ उसके संपर्कों की भी जांच कर रही है। इसके अलावा आसपास के क्षेत्रों और अन्य थानों को भी सतर्क किया गया है ताकि मां-बेटे का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके।
घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। स्थानीय लोग भी हैरान हैं कि आखिर एक महिला अपने छोटे बच्चे को लेकर आधी रात को खिड़की के रास्ते घर से कैसे और क्यों निकल गई। फिलहाल सबकी नजरें पुलिस जांच और मां-बेटे की सुरक्षित बरामदगी पर टिकी हुई हैं।