#अपराध

March 10, 2026

हिमाचल के जंगल में पकड़ा गया 'पुष्पा' : साथी भी धरा- पेड़ काट नदी के रास्ते कर रहे थे तस्करी

पेड़ काटकर नदी में फेंक रहे थे, पड़ गया छापा

शेयर करें:

una forest department busted illegal khair tree man himachal Pradesh pushpa

ऊना। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वाले माफिया के खिलाफ वन विभाग ने मंगलवार तड़के बड़ी कार्रवाई की। वन विभाग की टीम ने 'पुष्पा' को रंगे-हाथों धर-दबोचा है।

'पुष्पा' संग दो दबोचे

बता दें कि भरवाईं वन परिक्षेत्र की टीम ने अंब टीला के रिजर्व जंगल में दबिश देकर अवैध रूप से खैर के पेड़ काट रहे दो लोगों को रंगेहाथ पकड़ लिया। जबकि, उनके कुछ साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। इस पूरे मामले की शिकायत वन विभाग ने अंब थाने में दर्ज करवा दी है और पुलिस ने आरोपियों को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बरसात से पहले ही डर : सूखे में खिसकने लगी जमीन, कई घरों पर मंडराया खतरा

तड़के चार बजे के आसपास हुई कार्रवाई

मिली जानकारी के अनुसार भरवाईं वन विभाग की टीम को क्षेत्र में अवैध कटान की गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। इसी के चलते मंगलवार तड़के करीब चार बजे वन खंड अधिकारी ऊषा देवी और वन खंड अधिकारी सुनील कुमार के नेतृत्व में टीम ने अलग-अलग स्थानों पर नाके लगाए और जंगल की निगरानी शुरू कर दी। टीम का उद्देश्य यह पता लगाना था कि कहीं जंगल में अवैध कटान तो नहीं हो रहा।

 

पेड़ गिरने की आवाज से हुआ शक

इसी दौरान जब वन विभाग की टीम अंब टीला सड़क के पास गश्त कर रही थी तो उन्हें नीचे रिजर्व जंगल की तरफ से पेड़ गिरने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही टीम सतर्क हो गई और धीरे-धीरे उस दिशा में आगे बढ़ते हुए इलाके को चारों तरफ से घेर लिया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल की राजनीति में आएगा बड़ा भूचाल! कांग्रेस-भाजपा के 40 दिग्गजों ने की गुप्त बैठक, जानें कारण

नदी के रास्ते तस्करी

पास पहुंचने पर देखा गया कि कुछ लोग पहाड़ी ढलान पर खैर के पेड़ों को काट रहे थे और उनके टुकड़े बनाकर नीचे बहने वाली खड्ड में फेंक रहे थे, ताकि बाद में उन्हें वहां से आसानी से निकाला जा सके।

2 आरोपी पकड़े, कुछ साथी भाग निकले

वन विभाग की टीम ने मौके पर दबिश देकर दो लोगों को पकड़ लिया। हालांकि जंगल में अंधेरा होने के कारण उनके कुछ साथी मौके से भागने में कामयाब हो गए। टीम ने पकड़े गए दोनों आरोपियों को तुरंत हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

यह भी पढ़ें : हिमाचल को नहीं मिलेगा LPG सिलेंडर...केंद्र से फरमान जारी- जानिए क्या है वजह

मौके पर पहुंचे वन परिक्षेत्र अधिकारी

घटना की सूचना तुरंत वन परिक्षेत्र अधिकारी भरवाईं पूर्ण राम को दी गई। सूचना मिलते ही वह वन रक्षक साहिल बनयाल और वन रक्षक नरेंद्र पटियाल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि खैर के तीन पेड़ों को काटा जा चुका था। इन पेड़ों के कुल 16 मोछे (लकड़ी के टुकड़े) मौके से बरामद किए गए हैं।

ठेकेदार के कहने पर काटे पेड़

वन विभाग की पूछताछ में पकड़े गए एक व्यक्ति ने बताया कि वह यह कटान एक ठेकेदार के कहने पर कर रहा था। आरोप है कि उक्त ठेकेदार ने देहरा रेंज के किसी क्षेत्र में खैर के पेड़ों की कटाई का ठेका ले रखा है और उसी के नाम का सहारा लेकर यहां भी अवैध कटान कराया जा रहा था।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : सुबह-सवेरे ITI छात्र पर झपटा तेंदुआ, बहादुरी से बचाया खुद को- मार गिराया शिकारी

चोरी-छिपे पेड़ काटते हैं तस्कर

बताया जा रहा है कि अंब टीला का यह क्षेत्र कांगड़ा जिले की सीमा से सटा हुआ है, जिसके कारण जंगल का इलाका काफी फैला हुआ और सुनसान रहता है। इसी का फायदा उठाकर कुछ लोग चोरी-छिपे पेड़ों की कटाई करते हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच

वन विभाग ने पूरे मामले की सूचना तुरंत अंब थाना पुलिस को दे दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपियों को अपने साथ थाने ले गई। अब पुलिस और वन विभाग मिलकर यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि इस अवैध कटान के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और फरार आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : नशेड़ी था ड्राइवर, स्कूल से लौट रही दो बहनों पर चढ़ाई बस- एक की थमी सांसें

अवैध कटान नहीं बर्दाश्त

वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जंगलों में अवैध कटान को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और क्षेत्र में निगरानी भी और बढ़ाई जाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख