#अपराध
September 30, 2025
हिमाचल: नाले में तैरती मिली शख्स की देह, परिवार में इकलौता था कमाने वाला; पसरा मातम
चार दिन से लापता था शख्स, बदबू आने पर हुआ खुलासा
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में आए दिन हादसे हो रहे हैं। इन हादसों में कई लोग अपनों को खो रहे हैं। कभी किसी घर का चिराग बुझ रहा है तो कभी परिवार का इकलौता कमाने वाला दुनिया छोड़ रहा है। अब इसी तरह का एक हादसा हिमाचल के कांगड़ा जिला के जवाली क्षेत्र से सामने आया है। यहां एक परिवार ने अपने घर के इकलौते कमाने वाले शख्स को खो दिया है। व्यक्ति का शव नाले से बरामद हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार जवाली क्षेत्र के तहत आते पुलिस थाना रैहन क़ी पंचायत लारथ पास बरोह नाले में मंगलवार सुबह एक व्यक्ति की लाश मिली है। नाले में शव होने की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक व्यक्ति की पहचान 40 वर्षीय तूफान सांडे निवासी छत्तीसगढ़ के रूप में हुई है, जो बीते चार दिनों से लापता था।
यह भी पढ़ें : मंत्री विक्रमादित्य के PWD की लापरवाही ने परिवार से छीन लिया सहारा, खाई में गिरा शख्स
पुलिस जांच के अनुसार सुबह-सुबह ग्रामीणों को नाले की दिशा से तेज बदबू आने लगी। जब लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि नाले में एक शव सड़ा.गला पड़ा हुआ है। तुरंत इसकी सूचना पंचायत प्रतिनिधियों और पुलिस को दी गई। थाना रैहन की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक मजदूरी करता था और परिवार के साथ तिहाल में रह रहा था। आशंका जताई जा रही है कि वह मछली पकड़ने के लिए नाले की तरफ गया होगा और इसी दौरान पानी में गिरकर डूब गया। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और मृतक के परिजनों से भी पूछताछ की जाएगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: पकड़ा गया ब*म से उड़ाने की धम*की भेजने का मास्टरमाइंड; कई राज्यों में फैला है नेटवर्क
थाना प्रभारी करतार सिंह पखरेटिया ने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि यह बेहद संवेदनशील विषय है और मृतक के परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूरी निष्पक्षता से कार्यवाही होगी।
यह घटना उस समय सामने आई है जब प्रदेश भर से लगातार हादसों की खबरें आ रही हैं। सड़क दुर्घटनाओं से लेकर नालों और ढांक में गिरने की घटनाएं लोगों की जान ले रही हैं। स्थानीय लोगों ने चिंता जताते हुए कहा कि सरकार और प्रशासन को सुरक्षा उपायों पर अब गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। चाहे वह खतरनाक ढांक पर क्रैश बैरियर लगाने की बात हो या नालों के किनारे सुरक्षा प्रबंध इन सबकी अनदेखी आम जनता की जिंदगी पर भारी पड़ रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: इंटर्न डॉक्टर इशिका शर्मा की 9 दिन बाद रावी ने उगली देह, दो ने गंवाई जा*न
ग्रामीणों का कहना है कि हादसों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन व्यवस्थागत लापरवाही कम नहीं हो रही। लोग पूछ रहे हैं कि आखिर कब तक प्रदेश के परिवार अपने अपनों को यूं ही हादसों में खोते रहेंगे। इस हादसे ने एक बार फिर प्रदेश में सुरक्षा उपायों और प्रशासनिक तत्परता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोग उम्मीद कर रहे हैं कि सरकार अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस कदम उठाएगी, ताकि ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।