#अपराध
August 15, 2026
हिमाचल के शख्स की चंडीगढ़ में चा**कू मा.र छीन ली सांसें, गाड़ी में सब्जी भर मंडी में बेचने गया था
स्वतंत्रता दिवस पर परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, पुलिस जांच में जुटी
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश के एक आढ़ती की चंडीगढ़ में बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आज एक तरफ जहां पूरा देश स्वतंत्रता दिवस की खुशियां मना रहा था। वहीं ऊना जिला के एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार के कमाऊ बेटे की चंडीगढ़ में चाकू मार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। शख्स आढ़ती का काम करता था और हिमाचल से गाड़ी भरकर सब्जी लेकर चंडीगढ़ के सेक्टर 26 स्थित सब्जी मंडी में पहुंचा था।
बताया जा रहा है कि सब्जी मंडी में गाड़ी की पार्किंग हटाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि दूसरे आढ़ती और उसके बेटों ने ऊना निवासी 43 वर्षीय देशराज पर चाकू से हमला कर दिया। गर्दन पर चाकू लगने के बाद देशराज लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। काफी देर तक वह मंडी में ही पड़े रहे और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी हालत बिगड़ती चली गई। जब तक उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार देशराज ऊना जिले से छोटी पिकअप में सब्जियां लेकर चंडीगढ़ की सेक्टर-26 मंडी में बेचने का काम करते थे। शुक्रवार रात करीब 10 बजे वह मंडी में मौजूद थे। इसी दौरान उत्तर प्रदेश निवासी आढ़ती विनोद अपने बेटों के साथ वहां पहुंचा। गाड़ी हटाने की बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में हाथापाई होने लगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : परिवार से छिन्न गया कमाऊ बेटा, बाइक-कार टक्कर में थमी सांसें- PWD में करता था नौकरी
आरोप है कि हाथापाई के दौरान विनोद और उसके बेटों ने चाकू निकाल लिया और देशराज पर हमला कर दिया। आरोपी ने देशराज के गले में चाकू मार दिया। इस हमले में देशराज गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। गर्दन पर गहरी चोट लगने के कारण तेजी से खून बहने लगा। मंडी में मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन हमलावर वहां से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के बाद कुछ समय तक घायल देशराज जमीन पर ही पड़े रहे। अत्यधिक खून बहने के कारण उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई। बाद में पुलिस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
देशराज की मौत की खबर सामने आते ही सेक्टर-26 मंडी में सनसनी फैल गई। जिस जगह कुछ देर पहले गाड़ियों की पार्किंग को लेकर विवाद हुआ था, वही जगह कुछ समय बाद हत्या की वारदात का स्थल बन गई। घटना ने मंडी में काम करने वाले आढ़तियों और कारोबारियों को भी सकते में डाल दिया।
हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। मोबाइल फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके से खून के धब्बों सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हमला किस तरह हुआ और वारदात के दौरान वहां कौन-कौन लोग मौजूद थे।
पुलिस ने मंडी और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के जरिए हमले का पूरा घटनाक्रम और आरोपियों के भागने की दिशा का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि CCTV फुटेज मामले की जांच में अहम कड़ी साबित हो सकती है।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी विनोद और उसके बेटों की तलाश की जा रही है। संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही पुलिस आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के पीछे की पूरी वजह और वारदात का क्रम स्पष्ट हो सकेगा।
चंडीगढ़ में रोजी-रोटी के लिए सब्जी का कारोबार करने वाले देशराज की इस तरह हुई मौत से ऊना स्थित उनके परिवार में मातम पसर गया है। पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद एक परिवार के लिए ऐसी त्रासदी में बदल गया, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी। पुलिस अब इस सनसनीखेज हत्याकांड की हर कड़ी जोड़ने में जुटी है।