#अपराध
July 1, 2026
हिमाचल: थार गाड़ी में मिले पि.स्टल, देसी क*ट्टा और कार.तूस; व्यक्ति अरेस्ट - बड़ी वारदात की आशंका
प्रदेश में बढ़ती गो*लीकांड की घटनाओं के बीच हथियारों के मिलने से मचा हड़कंप
शेयर करें:

बद्दी (सोलन)। हिमाचल प्रदेश में हाल के महीनों में सामने आई फायरिंग और आपराधिक घटनाओं के बीच सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएन) से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नालागढ़ उपमंडल के भटोली गांव में पुलिस ने एक व्यक्ति की थार गाड़ी से पिस्टल, देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
हथियारों की इस बरामदगी ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है और लोगों के बीच यह चर्चा शुरू हो गई है कि आखिर इतनी मात्रा में अवैध हथियार रखने के पीछे क्या मकसद था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अब यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं वह किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी तो नहीं कर रहा था।
जानकारी के अनुसार बद्दी पुलिस की स्पेशल सेल को गुप्त सूचना मिली थी कि नालागढ़ क्षेत्र के एक व्यक्ति के पास अवैध हथियार मौजूद हैं। सूचना मिलते ही विशेष टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई और भटोली गांव में दबिश दी। पुलिस टीम ने आरोपी के मकान के साथ खड़ी महिंद्रा थार की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन की डिग्गी से एक पिस्टल, एक देसी कट्टा और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इनमें 7.65 एमएम और 8 एमएम बोर के कारतूस शामिल बताए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें : अटल टनल से निकली कार हवा में उछली: पुल के सरियों पर अटकी, एक पर्यटक की मौ*त-3 दोस्त घायल
बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी से हथियारों के संबंध में लाइसेंस और अन्य वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह कोई भी कानूनी अनुमति या प्रमाण पत्र नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया।
जिस प्रकार आरोपी के कब्जे से पिस्टल, देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं, उससे कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है, लेकिन जांच एजेंसियां इस एंगल से भी पड़ताल कर रही हैं कि आखिर इन हथियारों का इस्तेमाल किस उद्देश्य के लिए किया जाना था। स्थानीय लोगों के बीच भी यह चर्चा तेज है कि कहीं आरोपी किसी बड़ी आपराधिक घटना या फायरिंग की योजना तो नहीं बना रहा था। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
यह भी पढ़ें : अतिक्रमण विवादों के बीच शमशेर नैहरिया बने धर्मशाला MC के मेयर, प्रेरणा बनी डिप्टी मेयर
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। अब पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से यह जानने का प्रयास कर रही है कि हथियार कहां से लाए गए, किसके माध्यम से प्राप्त हुए और क्या इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: डिलीवरी के बाद मां की मौ*त पर बवाल, अस्पताल में उग्र भीड़ ने किया प्रदर्शन; मांगी निष्पक्ष जांच
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार व्यक्ति का नाम पहले भी विभिन्न मामलों में सामने आ चुका है। उसके खिलाफ पूर्व में आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज होने के साथ-साथ अन्य कानूनी मामलों में भी संलिप्तता की जानकारी मिली है। यही कारण है कि पुलिस उसके पुराने रिकॉर्ड, संपर्कों और गतिविधियों को भी खंगाल रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल हाईकोर्ट ने समझा पौंग विस्थापितों का दर्द, जमीन आबंटन पर श्रीगंगानगर के जिला कलेक्टर तलब
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि जांच के दौरान अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं। यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी ने हथियार किसी स्थानीय नेटवर्क से हासिल किए या फिर इनके तार दूसरे राज्यों से जुड़े हुए हैं। यदि जांच में कोई बड़ा नेटवर्क सामने आता है तो मामले में और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि प्रदेश में अवैध हथियारों और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने या बिना अनुमति हथियार रखने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सोलन जिले में हुई इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह संकेत दिया है कि प्रदेश में अवैध हथियारों की गतिविधियों पर सुरक्षा एजेंसियां कड़ी नजर बनाए हुए हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।