#अपराध
June 19, 2025
हिमाचल में छिपा मिला 50 तोले सोने की लूट का मास्टमाइंड, बचने को खाई में लगा दी छलांग
पंजाब के कपूरथला में दी थी लूट की बड़ी वारदात को अंजाम
शेयर करें:

मंडी/कपूरथला। पंजाब के कपूरथला में सराफा बाजार से हुई 50 तोला सोने और 20 किलो चांदी की बड़ी लूट की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने चार शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है। इस सनसनीखेज वारदात के तार हिमाचल प्रदेश से जुड़ते नजर आए, जहां लूट का मुख्य आरोपी शरण लिए हुए था। पुलिस ने मुख्य आरोपी को मंडी जिले के पास से दबोचा, जहां वह एक धार्मिक स्थल पर छिपा हुआ था। पुलिस ने आरोपियों से 3 किलो चांदी, 4.5 तोले सोने के गहने और 8 लाख रुपए भी बरामद कर लिए हैं।
मुख्य आरोपी जॉनी उर्फ राजू को जब गिरफ्तार करने के लिए पंजाब और हिमाचल पुलिस की संयुक्त टीम मंडी पहुंची तो उसने पुलिस से बचने के लिए खाई में छलांग लगा दी। हालांकि, इस कोशिश में उसकी टांग टूट गई और पुलिस ने उसे मौके पर ही धर दबोचा।
यह भी पढ़ें : "मैं इस्तीफा नहीं दूंगा, बात सुलझ गई है" - मंत्री चंद्र कुमार ने तोड़ी चुप्पी, बेटे के पोस्ट पर दी सफाई
पुलिस सूत्रों के अनुसार लुटेरों की तलाश में कई टीमें गठित की गई थीं। तकनीकी निगरानी की मदद से जैसे ही लोकेशन ट्रेस हुई, पुलिस की टीमें कांगड़ा जिले के मंडी क्षेत्र में पहुंचीं और वहां से जॉनी को गिरफ्तार कर लिया।
जॉनी की निशानदेही पर पुलिस ने फिरोजपुर के दो सुनारों अमनदीप और धर्मपाल को भी गिरफ्तार किया, जिन्हें चोरी का माल बेचा गया था। साथ ही, कार चालक राहुल शर्मा को भी हिरासत में लिया गया है। सभी आरोपी फिरोजपुर के रहने वाले हैं और पुलिस ने उनकी कार भी जब्त कर ली है, जो लूट में इस्तेमाल की गई थी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में कल से भारी बारिश का होगा आगाज, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
पुलिस के अनुसार आरोपी लूट के तुरंत बाद हिमाचल भाग गए थे ताकि पंजाब पुलिस से बच सकें। उन्होंने रास्ते में कई बार कार की नंबर प्लेट बदली और हिमाचल में आकर एक धार्मिक स्थल पर शरण ली। फिलहाल इस लूटकांड के दो आरोपी अभी भी फरार हैं। पुलिस की टीमें उनकी तलाश में पंजाब और हिमाचल दोनों राज्यों में दबिश दे रही हैं।
एसएसपी गौरव तूरा ने बताया कि जॉनी के खिलाफ पंजाब के 11 जिलों में 22 आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह कई मामलों में बेल पर चल रहा था। हिमाचल में उसकी गिरफ्तारी इस बात का संकेत है कि अपराधी राज्य की सीमाओं का लाभ उठाकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहे हैं। इस मामले में हिमाचल पुलिस की तत्परता और सहयोग प्रशंसनीय रहा।