#अपराध
March 7, 2025
हिमाचल : किसी ने पर्स से चुराए पैसे, कोई सामान लेकर भागा- 3 महिलाओं समेत 5 हुए अरेस्ट
अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में भीड़ का उठाया फायदा
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में शातिरों ने भीड़ का फायदा उठाते हुए कई जगहों पर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। ऐसे में पुलिस द्वारा इन चोरों को पकड़ने के लिए लगातार कोशिश की जा रही थी। इसी कड़ी में पुलिस टीम को पांच चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस टीम ने चोरी की दो वारदातों का खुलासा किया है। पुलिस टीम ने चोरी के मामलों में तीन महिलओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम द्वारा दोनों मामलो में अलग-अलग केस दर्ज कर आगामी अमल में लाई जा रही है।
पहले मामले में पुलिस टीम ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। इन महिलओं ने अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में एक महिला के पर्स से 6,500 रुपए चोरी किए थे। तीनों आरोपी महिलाएं नागपुर की रहने वाली हैं।
दूसरे मामले में पुलिस टीम ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इन युवकों ने इंदिरा मार्केट के स्टाल में चोरी की थी। युवकों ने 30 हजार रुपए का सामान और पांच हजार रुपए कैश चोरी किया था। दोनों आरोपी युवक भिउली के बंगाला बस्ती के रहने वाले हैं।
मामले की पुष्टि करते हुए SP मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि अभी तक चोरी का सामान बरामद नहीं हो पाया है। पुलिस टीम द्वारा जांच-पड़ताल की जा रही है। सभी आरोपियों के खिलाफ अलग- अलग FIR दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पहले मामले में पुलिस टीम ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 303(2), 3(5) और दूसरे मामले में धारा BNS की धारा 505 (A) के तहत मामला दर्ज किया है।