#अपराध
November 21, 2025
हिमाचल तेजाब कांड : ममता का बयान, पति को दी जाए कड़ी सजा- क्या पूरी होगी आखिरी इच्छा?
बेटे ने दी ममता को मुखाग्नि- आज सुबह हुआ अंतिम संस्कार
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में तेजाब कांड जान गंवाने वाले 41 वर्षीय ममता का शव कल देर रात मंडी लाया गया। ममता की अंतिम इच्छा के अनुसार, आज सुबह हनुमान घाट में ममता का अंतिम संस्कार किया गया। ममता के बेटे ने उसकी चिता को मुखाग्नि दी।
ममता का आरोपी पिता सलाखों के पीछे हैं और ममता अब इस दुनिया में नहीं है। ममता की मौत के बाद दोनों बच्चे बेसहारा हो गए हैं ममता की 16 वर्षीय बेटी का मां के बिना रो-रो कर बुरा हाल है।
आपको बता दें कि मरने से पहले ममता ने पुलिस को एक बयान दिया है। ये बयान ममता ने खुद एक कागज पर लिखकर दिया है। ममता ने पुलिस से आरोपी पति नंदलाल को कड़ी सजा देने की मांग की है। उधर, ममता को इंसाफ दिलाने की मांग अब जन-आंदोलन का रूप ले चुकी है।
ममता को न्याय दिलाने के लिए आज शाम को आटीआई गेट से चौहट्टा बाजार तर कैंडल मार्च निकाला जाएगा। कांग्रेस नेता यदुपति ठाकुर ने लोगों से इस कैंडल मार्च में शामिल होने की अपील की है। ममता के परिजन ममता के पति नंनदाल को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।
बता दें कि ममता और उसका पति नंद लाल मूल रूप से सरकाघाट क्षेत्र के रहने वाले हैं। दोनों ने हाल ही में मंडी शहर के सैन मोहल्ला क्षेत्र में एक मकान खरीदा था। दोनों के दो बच्चे हैं- बेटी 16 साल की है और बेटा 18 साल का है।
बीती 15 नवंबर को नंद लाल घर पहुंचा। घर में बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे बहस और फिर तीखी कहासुनी में बदल गई। इसके बाद पति ने तैश में आकर घर में रखा तेजाब ममता पर फेंका और फिर उसे छत से धक्का दे दिया। इसके बाद नंदलाल खुद मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद ममता चीखती हुई बाहर भागी। उसकी चीख सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत मंडी के जोनल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत देखते हुए उसे AIIMS बिलासपुर रेफर कर दिया। तेजाब से उसके चेहरे और पीठ पर गहरे घाव आए हैं।
ममता की गंभीर हालत को देखते हुए ममता को AIIMS बिलासपुर से PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। चार दिन ममता का PGI में उपचार चला, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद ममता ने बुधवार रात करीब 12 बजे दम तोड़ दिया।
मामले की पुष्टि करते हुए ASP मंडी अभिमन्यु वर्मा ने बताया घटना के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था। अब उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा चलेगा। जांच में पाया गया है कि दोनों के बीच काफी समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था और मामला न्यायालय में विचाराधीन था। शुक्रवार को भी दोनों में झगड़ा हुआ था, जिसका वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुआ था। आरोप है कि नंदलाल पत्नी पर शक करता था। इसी शक ने परिवार को बर्बादी के कगार पर पहुंचा दिया।
जांच में पाया गया कि ममता काफी समय से बीमार चल रही थी। ऐसे में अकसर उससे मिलने के लिए उसके रिश्तेदार आते थे। मगर ममता का पति हर किसी पर शक करता था और वीडियो बनाने लग जाता था। इतना ही नहीं वो रिश्तेदारों को घर आने से मना करता था। इन्हीं सब बातों को लेकर दोनों में हमेशा लड़ाई-झगड़े होते रहते थे। ममता ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कई वीडियो शेयर की है- जिसमें उसने पति पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।