#अपराध
August 18, 2025
हिमाचल: पति ने अपनी ही 24 वर्षीय पत्नी को भेज दिया परलोक, चार दिन बाद ऐसे हुआ खुलासा
पुलिस ने चार दिन में सुलझा लिया मामला, आरोपी पति को किया गिरफ्तार
शेयर करें:

रामपुर (शिमला)। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से एक हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले का खुलासा होने पर पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मामले में पति ने ही अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। इस मामले को पुलिस ने चार दिन में ही सुलझा लिया है और हत्या के आरोप में पति को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला शिमला जिला के उपमंडल रामपुर के डकोलड़ क्षेत्र से सामने आया है।
दरअसल घटना 14 अगस्त की रात की है। पुलिस को डकोलड़ क्षेत्र में किराये के एक कमरे में 24 वर्षीय अंजलि का शव मिलने की सूचना मिली। प्रारंभ में इसे एक संदिग्ध मौत माना गया, लेकिन जब जांच आगे बढ़ी तो इस दर्दनाक घटना के पीछे का सच सामने आया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेजा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : कलयुगी बेटे ने छीन ली मां की सांसें, फिर जमीन में दफना दी, बहन ने खोल दिया राज
मृतका के भाई अनिल कुमार ने पुलिस को दिए अपने बयान में साफ तौर पर आरोप लगाया कि उसकी बहन की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके पति सुशील ने की है। अनिल ने बताया कि उसकी बहन अंजलि की शादी सुशील पुत्र रोशन लाल निवासी गांव और डाकघर देवठी तहसील रामपुर जिला शिमला उम्र 25 वर्ष के साथ हुई थी। सुशील और अंजलि के बीच पिछले कुछ समय से रिश्ते ठीक नहीं चल रहे थे और उसे पहले से शक था कि उसकी बहन को नुकसान पहुंचाया जा सकता है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल का एक और जवान सियाचिन में हुआ शहीद, दो साल पहले हुआ था भर्ती; कल आएगी पार्थिव देह
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों से महत्वपूर्ण जानकारी मिली। 13 अगस्त की रात 10:46 बजे आरोपी सुशील को अपनी पत्नी के कमरे में जाते हुए देखा गया और 11:05 बजे वह वहां से बाहर निकलता नजर आया। ये वही समय था जब अंजलि की मौत होने की संभावना जताई गई थी।
आईजीएमसी शिमला से प्राप्त पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल की फॉरेंसिक जांच के बाद यह स्पष्ट हो गया कि अंजलि की मौत स्वाभाविक नहीं थी। उसके शरीर पर चोट के कई निशान थे, जो हिंसा की ओर इशारा कर रहे थे। इन सभी तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति सुशील के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के बाद से रामपुर और आसपास के क्षेत्रों में लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है। आम लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब पहाड़ों में भी अब महिलाएं सुरक्षित नहीं, तो आखिर सुरक्षित कौन है।
यह भी पढ़ें : हिमाचली महिला ने घर में खोल रखी थी नशे की दुकान, पुलिस ने दो साथियों संग की गिरफ्तार
रामपुर पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी को आज सोमवार को हिरासत में ले लिया। पूछताछ जारी है और पुलिस अन्य साक्ष्य भी जुटा रही है। डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने बताया कि हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है और दोषी को सख्त सजा दिलाने की पूरी कोशिश की जाएगी।
यह भी पढ़ें : मानसून सत्र में आपदा पर हंगामा: जयराम बोले- पीड़ितों को भेजा राशन कांग्रेस नेता के घर पहुंचा
यह घटना सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि उस बदलते समाज की तस्वीर है जिसमें अब हिमाचल जैसे शांति प्रिय राज्य भी अपराध से अछूते नहीं रहे। बीते कुछ वर्षों में राज्य में हत्या, बलात्कार और घरेलू हिंसा के मामलों में चिंताजनक वृद्धि देखी गई है। हिमाचल की देवभूमि अब अपराधभूमि में बदलती नजर आ रही है। जहां पहले रिश्तों की मिठास थी, अब वहीं पर अविश्वास, क्रूरता और अपराध ने जगह बना ली है।