#अपराध
August 18, 2025
हिमाचल : कलयुगी बेटे ने छीन ली मां की सांसें, फिर जमीन में दफना दी, बहन ने खोल दिया राज
दो महीने पहले दुनिया छोड़ चुका था महिला का पति
शेयर करें:

सिरमौर। देवभूमि कहे जाने वाले हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर से एक बेहद खौफनाक खबर सामने आ रही है। जहां पच्छाद थाना क्षेत्र की सराहां पंचायत के चड़ेच गांव में एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही मां की हत्या कर दी और सबूत छुपाने के लिए शव को घर से कुछ दूरी पर दफना दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, 31 वर्षीय आरोपी पुष्प कुमार ने सोमवार को सराहां थाना पहुंचकर अपनी मां की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। वह पूरी मासूमियत के साथ पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहा था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल का एक और जवान सियाचिन में हुआ शहीद, दो साल पहले हुआ था भर्ती; कल आएगी पार्थिव देह
लेकिन तभी मृतका की बेटी, धनवंती देवी, को जानकारी मिली और उसने थाने पहुंचकर अपने ही भाई पर हत्या का आरोप जड़ दिया। पुलिस ने जब आरोपी से सख्ती से पूछताछ की तो उसने तुरंत अपना अपराध कबूल कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने गांव के पास ही जमीन खोदकर शव बरामद किया। मृतका की पहचान 51 वर्षीय जयमंती देवी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में शव पर चोटों के निशान मिले हैं, जो साफ तौर पर हत्या की ओर इशारा करते हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचली महिला ने घर में खोल रखी थी नशे की दुकान, पुलिस ने दो साथियों संग की गिरफ्तार
बताया जा रहा है कि, आरोपी के पिता लच्छी कुमार का निधन दो महीने पहले ही हुआ था। वह सराहां में एक छोटी दुकान चलाते थे। पिता की मृत्यु के बाद परिवार अकेला पड़ गया था। जयमंती देवी का घर गांव के सुनसान इलाके में स्थित है, जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया और शव को गुपचुप दफना दिया।
सूचना मिलते ही डीएसपी राजगढ़ विद्याचंद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की कमान संभाली। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 238 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। शव को नाहन मेडिकल कॉलेज पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें : मानसून सत्र में आपदा पर हंगामा: जयराम बोले- पीड़ितों को भेजा राशन कांग्रेस नेता के घर पहुंचा
गांव के लोगों को रविवार से ही महिला के लापता होने पर शक था, लेकिन पुलिस तक सही जानकारी मृतका की बेटी के माध्यम से ही पहुंची। बताया यह भी जा रहा है कि आरोपी पहले भी अपने माता-पिता से मारपीट करता था और उसके खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई गई थी।
सिरमौर के एसपी एनएस नेगी ने घटना की पुष्टि की और बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पूछताछ जारी है और पूरी सच्चाई सामने आने में अभी थोड़ा समय लगेगा। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम होगा, जिसके बाद हत्या की परिस्थितियों और कारणों पर और ज्यादा रोशनी पड़ेगी।