#अपराध
May 20, 2025
मारपीट की वीडियो इंटरनेट पर तेजी से हो रही वायरल

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से लड़ाई-झगड़े और मारपीट का एक मामला सामने आया है। नाहन बस स्टैंड पर आज सुबह सवारियों और HRTC बस के ड्राइवर-कंडक्टर के बीच जमकर लात-घूंसे चले हैं। घटनास्थल पर कई महिलाएं भी मौजूद थीं।
मारपीट के इस मामले में कई लोग घायल भी हुए हैं। इतना ही नहीं हाथापाई में एक व्यक्ति के कपड़े तक उतार दिए गए हैं। इस घटना के बाद HRTC ड्राइवर-कंडक्टरों और लोगों में काफी रोष है। फिलहाल, पुलिस टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।
मिली जानकारीमिली जानकारी के अनुसार, आज सुबह नाहन बस स्टैंड पर कुछ लोग HRTC बस में चढ़ रहे थे। इसी बीच बस के ड्राइवर-कंडक्टर ने उनसे बस का दरवाजा आराम से बंद करने को कहा।
इसी बात को लेकर सवारियों और ड्राइवर-कंडक्टर के बीच बहस शुरू हो गई। फिर देखते ही देखते बात इतनी बिगड़ गई कि हाथापाई शुरू हो गई। दोनों ओर से एक दूसरे को गालियां देने शुरू हो गए और लात-घूंसे चल पड़े।
इस घटना के बाद बस स्टैंड का माहौल बिगड़ गया। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ लोगों ने बीच बचाव कर सवारियों और ड्राइवर-कंडक्टर को शांक करवाया। इसके बाद मामला पुलिस के पास पहुंचा।
मामले में दोनों पक्ष पुलिस के शिकायत लेकर पहुंचे हैं। पुलिस टीम ने इस मारपीट में घायल हुए लोगों का मेडिकल करवाकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मारपीट की एक वीडियो भी इंटरनेट पर काफी वायरल हो रही है।
वायरल वीडियो में लोग गंदी-गंदी गालियां देते सुनाई दे रहे हैं और मारपीट करते हुए भी साफ नजर आ रहे हैं। वीडियो में एक HRTC कर्मचारी किसी व्यक्ति पर हमला करता हुआ भी नजर आ रहा है।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दोनों पक्षों ने ही मामले की शिकायत दी है। पुलिस टीम द्वारा जांच-पड़ताल की जा रही है। दोनों पक्षों में बस में उतरने-चढ़ने को लेकर लड़ाई-झगड़ा हुआ है। पुलिस टीम द्वारा मामले में नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।