#अपराध
February 25, 2025
महाशिवरात्रि से पहले हिमाचल में महा-बवाल: भंडारे का विरोध- हिन्दू नेता पर FIR!
समुदायों के बीच संघर्ष की बात को पुलिस ने किया खारिज
शेयर करें:

बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में दो समुदायों के बीच विवाद बढ़ने की खबर सामने आई है। यह घटना नैना देवी विधानसभा क्षेत्र में हुई, जहां दो समुदायों के बीच भिड़ंत हो गई। हालांकि, पुलिस ने इस घटना को लेकर समुदायों के बीच संघर्ष की बात को खारिज कर दिया है और इसे ट्रक यूनियन के विवाद से जोड़कर देखा है।
SP बिलासपुर संदीप धंवल ने बताया कि यह मामला ट्रक यूनियन का था, जिसमें दो पक्षों के बीच सोमवार को झड़प हुई थी। उन्होंने पुष्टि की कि इस घटनाक्रम में तीन लोग घायल हुए हैं और उनका मेडिकल करवाया गया है।
पुलिस ने इस मामले में क्रॉस FIR दर्ज की है और अब दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। SP ने यह भी बताया कि फायरिंग की कोई घटना सामने नहीं आई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है, साथ ही CCTV फुटेज की भी जांच की जा रही है।
इसी बीच, बिलासपुर के विश्व हिंदू परिषद के नेता कमल गौतम ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालकर दावा किया था कि ग्वालथाई ट्रक यूनियन के हिंदू ट्रक ऑपरेटरों ने महाशिवरात्रि के मौके पर भंडारे का आयोजन करने की योजना बनाई थी, जिसे मुस्लिम समुदाय ने विरोध किया। हालांकि, पुलिस ने इस दावे को खारिज कर दिया और कहा कि इस विवाद का ट्रक यूनियन से संबंध है, न कि धार्मिक समुदायों के बीच किसी संघर्ष से।
पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट पर भी कार्रवाई करेगी
SP ने यह भी कहा कि इस मामले में एक शख्स की सोशल मीडिया पोस्ट सामने आई है, जिसके आधार पर पुलिस कार्रवाई करेगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कदम उठाए जाएंगे।