#अपराध
April 21, 2025
हिमाचल: पत्नी ने भाई संग रची पति के खिलाफ साजिश, परिवार को मिले शरीर पर कई निशान- हुआ खुलासा
पत्नी गिरफ्तार, साला फरार
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश में बहुत सारे अपराधिक मामले बाहरी राज्य से आए लोगों के कारण बढ़ते हुए दर्ज किए जा रहे हैं। सोलन ज़िले के औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ के दतोवाल गांव में हुई सतवीर सिंह की रहस्यमयी मौत ने अब हत्या का रूप ले लिया है। शुरुआती तौर पर यह मामला सामान्य मौत के रूप में सामने आया था, लेकिन बाद में परिस्थितियों ने जो मोड़ लिया, उसने पुलिस को भी गहराई से जांच करने पर मजबूर कर दिया।
घटना 16 अप्रैल की शाम की है, जब उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद निवासी और नालागढ़ में राजमिस्त्री का काम करने वाले सतवीर सिंह का शव एक कोठी में संदिग्ध हालत में पाया गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में स्कूटी पर घूम रहे थे हरियाणवी छोरे, पुलिस को हुआ शक- जेब मिली चिट्टे की पुड़िया
परिवार वाले अंतिम संस्कार की तैयारी कर ही रहे थे कि मृतक के चचेरे भाई को घटना पर संदेह हुआ। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद अंतिम संस्कार को रोका गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेजा गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटे जाने के स्पष्ट संकेत मिले, साथ ही शरीर पर संघर्ष के गहरे निशान भी पाए गए। इन तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मामला हत्या का मानते हुए गहन जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने कई लोगों से पूछताछ की और तथ्यों को जोड़ते हुए मृतक की पत्नी हंसी देवी को संदेह के घेरे में लिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: गजब- CM हेल्पलाइन पर की चोरी की कंप्लेंट, शिकायत करने वाला ही निकला असली चोर
पूछताछ के दौरान उसके बयान विरोधाभासी पाए गए, जिसके चलते पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और बाद में गिरफ्तार कर लिया। रविवार को कसौली कोर्ट में पेश करने के बाद उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। वहीं इस मामले में मृतक का साला भी संदिग्ध पाया गया है, जो फिलहाल फरार है। पुलिस की टीमें उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
सूत्रों के अनुसार, घटना से कुछ समय पहले सतवीर, उसकी पत्नी और एक ठेकेदार के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस और झड़प हुई थी। माना जा रहा है कि यह विवाद ही घटना की जड़ हो सकता है। एसपी बद्दी विनोद धीमान ने पुष्टि की है कि मामले को पूरी गंभीरता से जांचा जा रहा है और जल्द ही और गिरफ्तारियां संभव हैं। पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है ताकि असली वजह और दोषी बेनकाब हो सकें।