#अपराध
July 9, 2026
हिमाचल : बुलेट बाइक का टशन दिखाना पड़ा महंगा, पुलिस ने थमाया 10 हजार का चालान
मौके पर हटवाया मॉडिफाइड साइलेंसर
शेयर करें:

ऊना। आजकल सोशल मीडिया पर टशन दिखाने के चक्कर में कई लोग कानून की परवाह नहीं करते, लेकिन बाद में इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ती है। ऐसा ही मामला हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से सामने आया है। यहां एक युवक को बुलेट बाइक से पटाखे छोड़कर रौब झाड़ना महंगा पड़ गया।
दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था। वीडियो में कुछ युवक मॉडिफाइड बुलेट बाइक चलाते हुए तेज धमाकेदार आवाजें निकाल रहे थे। इससे आसपास के लोगों को काफी परेशानी हो रही थी और ध्वनि प्रदूषण भी फैल रहा था। वीडियो सामने आने के बाद ऊना पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और बाइक की पहचान कर उसे ट्रेस कर लिया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बाइक में लगा अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर मौके पर ही उतरवा दिया। इसके बाद चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत 10 हजार रुपये का चालान किया गया। पुलिस ने साफ कहा कि इस तरह के मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर सड़क पर शोर मचाना कानून के खिलाफ है और इससे लोगों की परेशानी बढ़ती है।
पुलिस का कहना है कि वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन करना न सिर्फ ध्वनि प्रदूषण फैलाता है, बल्कि यातायात व्यवस्था और सार्वजनिक शांति भी प्रभावित होती है। इसलिए ऐसे मामलों में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
ऊना के पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने कहा कि यातायात नियम लोगों की सुरक्षा और सुविधा के लिए बनाए गए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि अपने वाहनों में किसी भी तरह का अवैध मॉडिफिकेशन न करवाएं और ट्रैफिक नियमों का पूरी तरह पालन करें। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे मामलों पर पुलिस की सख्त नजर रहेगी और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।