#अपराध
May 7, 2026
हिमाचल: शादी की रस्मों में प्रेमी संग भागी युवती लुधियाना कोर्ट के बाहर मिली, करने वाले थे Marriage
युवती पहले से शादीशुदा लतीफ मोहम्मद से लुधियाना कोर्ट में करने जा रही थी शादी
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में शादी की रस्मों के बीच से अचानक अपने प्रेमी के साथ फरार हुई दुल्हन के मामले में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। मामला उपमंडल अंब के एक गांव से सामने आया था। यहां अपनी शादी से महज तीन दिन पहले युवती प्रेमी संग फरार हो गई थी। इस मामले में अब पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। लुधियाना में कोर्ट मैरिज की तैयारी कर रही दुल्हन को पुलिस ने उसके पहले से ही शादीशुदा प्रेमी लतीफ मोहम्मद के साथ धर दबोचा है। पुलिस दोनों को अंब थाना लेकर पहुंुची है, जहां दोनों के परिजनों ने जमकर हंगामा किया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि युवती पंजाब के लुधियाना में एक व्यक्ति के साथ मौजूद थी, जिसके साथ वह कोर्ट मैरिज करने की तैयारी में थी। हैरानी की बात यह रही कि संबंधित युवक लतीफ मोहम्मद पहले से ही शादीशुदा है। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए दोनों को कोर्ट में विवाह करने से पहले ही पकड़ लिया और उन्हें ऊना के अंब थाना ले आई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में एक ग्राम चिट्टे के लिए चला 7 साल केस : अब तस्कर को हुई 2 महीने की जेल
बता दें कि युवती की शादी आज 7 मई गुरुवार को होनी थी, सोमवार को घर में मंगल गीत गाए जा रहे थे। वहीं शादी से पहले की कुछ रस्मों को भी परिवार और रिश्तेदार मिलकर निभा रहे थे। सोमवार की रात को गाने बजाने के बाद जब सब लोग सो गए तो रात के अंधेरे में युवती अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। मंगलवार सुबह जब परिवार सो कर उठा तो बेटी को घर में ना पाकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। जिसके बाद परिजनों ने अंब पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस को अहम सुराग मिले। एक संदिग्ध वाहन की पहचान होने के बाद पुलिस ने पंजाब पुलिस के सहयोग से लुधियाना में दबिश दी, जहां से दोनों को हिरासत में लिया गया।
जब पुलिस दोनों को लेकर अंब थाना पहुंची तो वहां दोनों पक्षों के लोग इकट्ठा हो गए। इस दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया और आरोपी पहले से शादीशुदा युवक के परिवार तथा उसकी पत्नी के मायके पक्ष के बीच तीखी बहस और झड़प की स्थिति बन गई। मौके पर पुलिस को स्थिति संभालनी पड़ी। इस घटनाक्रम के बीच आरोपी युवक की पत्नी ने भी उसके खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए घरेलू हिंसा और प्रताड़ना की शिकायत दर्ज करवाई है। इससे मामला और भी उलझता नजर आ रहा है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस ने दोनों का मेडिकल परीक्षण करवाने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। साथ ही मामले को आगे बढ़ाते हुए दोनों के बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज करवाने की तैयारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों और प्रयुक्त वाहन की भी जांच की जा रही है। पूरे घटनाक्रम ने सामाजिक और कानूनी दोनों स्तरों पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनके जवाब अब जांच के बाद ही सामने आएंगे।