#अपराध
February 11, 2025
हिमाचल: घर का बुझ गया चिराग, परिजनों को अकेला छोड़ गया 5वीं का छात्र
10 साल के बच्चे के पेट में उठा था दर्द
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां एक पांचवी कक्षा के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मासूम बेटे की मौत से पूरा परिवार सदमें में है। किसी को यह समझ नहीं आ रहा है कि आखिर बच्चे की जान गई कैसे। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार ऊना जिला के पुलिस थाना टाहलीवाल के तहत आते नंगल कलां में एक 10 साल के मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक पांचवी कक्षा का छात्र था। मृतक बच्चे की पहचान 10 वर्षीय आदित्य पुत्र अर्जुन यादव निवासी आजमगढ़ उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। मासूम अपने माता पिता के साथ पिछले कई सालों से नंगल कलां में झुग्गी झोंपड़ी में रहता था।
यह भी पढ़ें : मोदी सरकार ने हिमाचल को जारी किया करोड़ों का बजट, पर सीएम सुक्खू की बढ़ गई टेंशन; जानें क्यों
बताया जा रहा है कि बीती आधी रात को आदित्य की अचानक तबीयत खराब हो गई। आदित्य पेट दर्द की शिकायत करने लगा और कहने लगा कि उसे तेज दर्द हो रहा है। जिसके चलते परिजन उसे तुरंत ही स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां पर डॉक्टरों ने बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे ऊना रेफर कर दिया। लेकिन क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जाते समय बच्चे ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौक पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
वहीं परिजनों के बयान भी दर्ज कर लिए हैं। डीएसपी हरोली मोहन रावत ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा।