#अपराध
January 3, 2026
हिमाचल धमा*का अपडेट : घटनास्थल पर मिली संदिग्ध सामग्री, NIA को सौंपी जांच- होंगे बड़े खुलासे
अफवाहों पर एसपी बद्दी ने लगाई ब्रेक
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में नए साल के दिन पुलिस थाना नालागढ़ के समीप हुए विस्फोट की घटना ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए बद्दी-नालागढ़ पुलिस ने विस्तृत जांच शुरू कर दी है और कई केंद्रीय व अंतरराज्यीय एजेंसियों से भी संपर्क साधा गया है।
विदित हो कि, घटना की सूचना मिलते ही थाना परिसर और आसपास के क्षेत्र को तत्काल सील कर दिया गया था। जांच के लिए राज्य फोरेंसिक साइंस लैब (SFSL) की टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने विस्फोट स्थल से आवश्यक सैंपल एकत्र किए हैं।
इन सैंपलों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि विस्फोट किस तरह के पदार्थ से किया गया। बद्दी पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। इसके साथ ही संभावित संदिग्ध गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए पंजाब पुलिस और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) से भी तकनीकी और खुफिया स्तर पर समन्वय किया जा रहा है।
घटना नए साल की सुबह करीब 9:40 बजे की बताई जा रही है, जब थाना परिसर के स्टोर रूम के पीछे अचानक जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट से स्टोर रूम के शीशे टूट गए, वहीं आसपास स्थित अन्य भवनों की खिड़कियों को भी नुकसान पहुंचा।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि इस मामले में पुलिस थाना नालागढ़ में भारतीय न्याय संहिता की धारा 324(4), 125 बीएनएस और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि जांच हर पहलू से की जा रही है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
सोशल मीडिया और कुछ अन्य माध्यमों पर दो आतंकी संगठनों द्वारा घटना की जिम्मेदारी लेने की चर्चा सामने आई है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि से इनकार किया है।
एसपी विनोद धीमान ने स्पष्ट किया कि बद्दी पुलिस को इस संबंध में कोई ईमेल या धमकी भरा संदेश प्राप्त नहीं हुआ है और बिना पुख्ता जांच के किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सकता। फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी हुई हैं।