#अपराध

November 4, 2025

हिमाचल में लाखों के चिट्टे संग पकड़े 4 पंजाबी तस्कर, युवाओं- छात्रों को करते थे नशा सप्लाई

20 से 26 साल के आरोपियों के पास मिली चिट्टे की बड़ी खेप

शेयर करें:

solan chitta News

सोलन। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने नशा तस्करी के एक ऐसे रैकेट का पर्दाफाश किया है, जो ना केवल प्रदेश में नशा सप्लाई करता था, बल्कि युवाओं और स्कूल कॉलेज के छात्रों को भी नशा बेचने का काम करता था। इस रैकेट में पंजाब के चार नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। हैरानी की बात यह है कि इन चारों पंजाबी नशा तस्करों की उम्र 20 से 26 साल के बीच है। पुलिस ने चारों नशा तस्करों के पास से लाखों का चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है।

सोलन में पकड़े 4 पंजाबी तस्कर

यह मामला हिमाचल के सोलन जिला से सामने आया है। सोलन पुलिस ने चार पंजाबी युवकों को नशे की बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की विशेष जांच इकाई ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी इस नशे की खेप को कसौली, धर्मपुर और इसके आसपास के क्षेत्रों में युवाओं और स्कूल कॉलेज के छात्रों को सप्लाई करने वाले थे। 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पेड़ से टकराई, महिला की थमी सांसें; 13 हुए घायल

कार में नशा सप्लाई करने आए थे तस्कर

मामले की जानकरी देते हुए पुलिस अधीक्षक सोलन गौरव सिंह ने बताया कि सोलन पुलिस की एसआईयू टीम नियमित गश्त पर सोलन, कुमारहट्टी, धर्मपुर और कसौली निकली थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक कार में नशे की बड़ी खेप सप्लाई करने के लिए लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने कसौली के पास छतरी मोड पर नाकबंदी की और कार को जांच के लिए रोका।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में अब नहीं बच पाएंगे अपराधी, हाईटेक हुई प्रदेश की पुलिस, मिले 66 खास वाहन

नशे की बड़ी खेप संग धरे पंजाबी तस्कर

कार में पंजाब के चार युवक सवार थे। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो युवकों के कब्जे से पुलिस को 62.13 ग्राम चिट्टा मिला। पुलिस ने चिट्टे की खेप को कब्जे में लेकर कार में सवार चारों युवकों को हिरासत में ले लिया और मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों के तार हिमाचल में और कहां कहां जुड़े हुए हैं।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस ने रंगे-हाथों पकड़ा चिट्टा तस्कर, घर पर बुलाता था ग्राहक; पंजाब से लाई थी खेप

20 से 26 साल के हैं आरोपी

पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 26 वर्षीय वीरेंद्र सिंह, 21 वर्षीय लखविंदर, 25 वर्षीय कुनाल और 20 वर्षीय किथू मट्टू के रूप में हुई है। सभी आरोपी लुधियाना, पंजाब के रहने वाले हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना कसौली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उन्हें अदालत में पेश करने की प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। 

तीन पर पहले से दर्ज हैं आपराधिक मामले

पुलिस की जांच में इस बात का भी खुलासा हुआ है कि आरोपी वीरेंद्र को छोड़कर अन्य सभी आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। आरोपी कुनाल के खिलाफ लुधियाना के विभिन्न थानों में तीन मामले दर्ज हैं। जबकि लखविंदर और किथू मट्टू पर भी पहले से एक एक मामला दर्ज है। एसपी गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सोलन में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरैंस नीति को अपनाया है। किसी भी नशा तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख