#अपराध
March 3, 2026
हिमाचल: तेज आवाज में TV चला उठाया गलत कदम, दरवाजा तोड़ कमरे में घुसी पत्नी- निकली चीख
दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पत्नी
शेयर करें:

सोलन। शराब की लत वो बीमारी है जो अच्छे-खासे घरों को बर्बाद कर देती है। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले से एक ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां के औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला में एक शराबी व्यक्ति ने ऐसा खौफनाक कदम उठाया जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला सोलन के औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला का है। व्यक्ति बरोटीवाला में अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ किराये के कमरे में रहता था। वह रोजी-रोटी के लिए समोसे की रेहड़ी लगाता था, जबकि उसकी पत्नी पास की एक कंपनी में नौकरी करती है।
बताया जा रहा है कि परिवार की आमदनी सीमित थी और व्यक्ति अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा शराब पर खर्च कर देता था। इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था।
घटना वाले दिन भी पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई। बताया जाता है कि गुस्से में आकर व्यक्ति ने पत्नी और बच्चों को कमरे से बाहर निकाल दिया और अंदर से कुंडी लगा ली। बाहर से किसी को कुछ सुनाई न दे, इसके लिए उसने कमरे में टीवी की आवाज बहुत तेज कर दी।
काफी देर तक जब कमरे से कोई आवाज या हलचल नहीं हुई तो पत्नी को शक हुआ। उसने दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद उसने शोर मचाया और आसपास के लोगों की मदद से दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची।
अंदर का नजारा देख पत्नी के पैरो तले जमीन खिसक गई। व्यक्ति ने पंखे से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी थी। तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने उसे नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
सन्नी सिंह उम्र 37 साल गांव बिहार केऔरंगाबाद जिले का रहने वाला था।
सूचना मिलते ही बरोटीवाला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की। ASP अशोक वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।