#अपराध
March 3, 2026
हिमाचल : पत्नी के पहले पति की औलाद से नाखुश था शख्स, मासूम को दफनाने चला था- पहुंचा जेल
पत्नी के पहले पति का था बच्चा, शख्स को था नापंसद
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में एक सौतले पिता ने अपने ढाई साल के मासूम बेटे की हत्या कर दी है। इस दिल दहला देने वाले मामले के उजागर होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है। वहीं, अब इस मामले में अपडेट सामने आया है।
शुरुआती जांच में पाया गया है कि बच्चे की मां ने आरोपी से दूसरी शादी की थी। बच्चा महिला के पहले पति का था- जो कि आरोपी को पसंद नहीं था। ऐसे में उसने तैश में आकर मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी।
आपको बता दें कि दिल दहला देने वाली ये घटना सालोगड़ा क्षेत्र के बालूघाटी से सामने आई है। इस हत्याकांड का खुलासा तब हुआ जब आरोपी मासूम की लाश को दबाने जा रहा था। इसी दौरान ग्रामीणों ने उसे देख लिया और उसके कांड का पूरा राज खुल गया।
इसके बाद ग्रामीणों द्वारा मामले के बाबत पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर बच्चे के शव को कब्जे में ले लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान राज बहादुर के रूप में हुई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मामले से जुड़े हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। जांच में पाया गया है कि बच्चे को उसके सौतेला पिता ने ही मौत के घाट उतारा है।
माना जा रहा है कि पारिवारिक विवाद और आपसी तनाव इस हत्याकांड के पीछे का कारण हो सकता है। वहीं, लोगों का कहना है कि बच्चा महिला के पहले पति का था और आरोपी को पसंद नहीं था। इसलिए आरोपी राद बहादुर ने मासूम की हत्या कर दी। मगर अभी इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है।
फिलहाल, पुलिस टीम द्वारा आरोपी से सख्ती पूछताछ की जा रही है- ताकि पता लगाया जा सके उसने बच्चे की हत्या क्यों और कब की। साथ ही ये भी पता किया जा रहा है कि बच्चे की लाश को ठिकाने लगाने के बाद उसका आगे का क्या प्लान था।
पुलिस टीम ने घटनास्थल से कई साक्ष्य जुटाए हैं और वहां मौजूद लोगों के भी बयान कलमबद्ध कर लिए हैं। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।