#हादसा
March 3, 2026
हिमाचल में होली पर हुड़दंग : लड़की के सिर पर दे मारा बियर का कैन, शहर में नाकाबंदी
सख्ती के बावजूद नहीं रुके उत्पाती
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में होली का त्योहार बड़ी धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जा रहा था। चारों ओर रंग और खुशियों का माहौल था, लेकिन यह जश्न उस समय दुखद घटना में बदल गया जब कुछ शरारती तत्वों ने बीयर कैन हवा में फेंक दिया। वह सिलेंडर जाकर एक युवती के सिर पर लगा, जिससे वह गंभीर रूप से लहूलुहान हो गई।
मंडी की सेरी मंच पर होने वाली होली प्रदेशभर में प्रसिद्ध मानी जाती है। यहां न केवल शहर बल्कि आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। भद्रा के कारण इस बार होली का आयोजन एक दिन पहले किया गया।
सुबह करीब 10 बजे से ही लोग सेरी मंच पर जुटना शुरू हो गए थे और देखते ही देखते करीब 5000 लोग कार्यक्रम में शामिल हो गए। साउंड सिस्टम की धुनों पर लोग थिरकते रहे और जमकर गुलाल उड़ाया गया।
इसी दौरान जश्न के बीच कुछ शरारती तत्वों ने माहौल बिगाड़ दिया। बताया गया है कि जब लोग होली मनाने में व्यस्त थे, तभी किसी ने बीयर कैन हवा में फेंक दिया। भीड़ अधिक होने के कारण किसी को समझ नहीं आया कि यह किसने और क्यों फेंका। कुछ लोगों का मानना है कि वह स्प्रे सिलेंडर था।
दुर्भाग्यवश वह बीयर कैन एक युवती के सिर पर जा लगा। बाद में बताया गया कि युवती के सिर पर कलर कैन लगा था। जिससे उसके सिर से खून बहने लगा और वह लहूलुहान हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। भीड़ के बीच से युवती को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
आखिरकार लोगों ने किसी तरह घायल युवती को भीड़ से बाहर निकाला और तुरंत उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया। होली के उल्लास के बीच हुई इस घटना ने कुछ देर के लिए पूरे माहौल को चिंतित कर दिया।
इस बार प्रशासन ने कार्यक्रम को लेकर खास इंतजाम किए थे। नियमों की सख्ती के चलते लड़के और लड़कियों के लिए अलग-अलग सेक्शन बनाए गए थे। पुलिस बल के साथ क्यूआरटी टीम भी तैनात की गई थी। इसके बावजूद कुछ उत्पाती तत्व नशे में हुड़दंग मचाते नजर आए, जिसके चलते यह घटना सामने आई।