#अपराध
April 23, 2025
हिमाचल: सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती, प्रेग्नेंट होने पर बोला- बच्चा मेरा नहीं, थाने पहुंची युवती
युवती के गर्भवती होने पर मुकरा आरोपी
शेयर करें:

सोलन। देवभूमि कहे जाने वाले हिमाचल प्रदेश में महिलाओं, युवतियों और नाबालिग बच्चियों के साथ आए दिन छेड़छाड़, बलात्कार के मामलों में इजाफा होता हुआ दर्ज किया जा रहा है। ऐसा ही एक मामला प्रदेश के सोलन जिले से सामने आया है, जहां एक युवक पर एक युवती को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में ब्लैकमेल करने का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2023 में उसकी सोशल मीडिया पर एक युवक से पहचान हुई थी, जिसका नाम मुकुल बताया गया है। दोनों में धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ीं और बात शादी तक पहुंच गई।
यह भी पढ़ें : कर्ज का पहाड़ : अप्रैल में दूसरी बार 500 करोड़ का लोन लेने जा रही सुक्खू सरकार
युवक ने सोलन के देऊंघाट क्षेत्र में अपने किराए के कमरे में युवती को मिलने के लिए बुलाया और वहीं पर शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता का आरोप है कि नवंबर 2024 में वह गर्भवती हो गई। जब उसने यह जानकारी मुकुल को दी, तो युवक ने साफ तौर पर मना कर दिया कि यह बच्चा उसका नहीं है। इसके बाद उसने युवती को धमकाना और मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
महिला थाना सोलन में इस मामले को लेकर पहले मटौर (पंजाब) थाना से जीरो एफआईआर के जरिए केस स्थानांतरित किया गया था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: मंदिर के पास खाई में समाई कार, पिता-पुत्र समेत 5 लोग थे सवार- 2 ने त्यागे प्राण
अब सोलन पुलिस ने मुकुल को देऊंघाट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मूल रूप से जिला चंबा का निवासी है।
एसपी सोलन गौरव सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच गहराई से की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कहीं मामला किसी बड़े गिरोह या साइबर फ्रॉड से तो जुड़ा नहीं है।