#अपराध
September 19, 2025
हिमाचल: नशीले कैप्सूल सप्लाई करने निकला था 28 वर्षीय आसिफ अली, दोस्त संग धरा
28 की उम्र में नशा तस्करी के धंधे में उतरा युवक
शेयर करें:

नाहन। हिमाचल प्रदेश में पुलिस की सख्ती के बाद भी नशे का कारोबार खत्म नहीं हो रहा है। प्रदेश में ऐसा कोई दिन नहीं गुजरता है, जब कहीं ना कहीं कोई नशा तस्कर ना पकड़ा जाता हो। अब ऐसा ही एक मामला हिमाचल के सिरमौर जिला से सामने आया है। यहां पुलिस ने एक मुस्लिम युवक को साथी सहित गिरफ्तार किया है। दोनों युवकों के पास से पुलिस को नशीले कैप्सूल की बड़ी खेप मिली है।
मिली जानकारी के अनुसार सिरमौर जिला के उपमंडल पांवटा साहिब के पुलिस थाना माजरा की टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। इस टीम ने दो युवकों को संदिग्ध हालत में पकड़ा और उनके कब्जे से भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल बरामद किए हैं। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार पकड़े गए युवकों के पास से 168 नशीले कैप्सूल बरामद किए गए हैं। इन कैप्सूल्स को बाजार में अवैध रूप से बेचे जाने की योजना थी। पुलिस ने दोनों युवकों को मौके पर ही हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल श्रीखंड यात्रा मार्ग: टेंट में कैसे गई एक साथ तीन लोगों की जा*न, हुआ चौंकाने वाला खुलासा
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एक युवक हिमाचल प्रदेश का रहने वाला है जबकि दूसरा उत्तराखंड से संबंध रखता है। आरोपियों की पहचान 28 वर्षीय आसिफ अली पुत्र जाकिर हुसैन निवासी गांव रामपुर बंजारन डाकघर धौलाकुआं तहसील पांवटा साहिब जिला सिरमौर और मोनू बिरला पुत्र कश्मीरा निवासी प्रतीत नगर डाकघर रायवाला तहसील व जिला देहरादून उत्तराखंड के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में भारी लैंडस्लाइड- सेंट एडवर्ड स्कूल पर खतरा, दो दिन के लिए बंद
माजरा थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (Narcotic Drugs and Psychotropic Substances Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही, उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया भी पूर्ण कर ली गई है। प्रारंभिक पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं, जिनके आधार पर पुलिस अब इस नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नशीले कैप्सूल की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसका वितरण किन क्षेत्रों में किया जाना था। यह भी आशंका जताई जा रही है कि यह एक बड़े अंतरराज्यीय नशा तस्करी गिरोह का हिस्सा हो सकता है। इस सिलसिले में पुलिस अब अन्य संभावित आरोपियों और सप्लाई चैन से जुड़े लोगों की तलाश कर रही है।
इस पूरे मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर ने कहा, "हम किसी भी सूरत में नशा माफिया को क्षेत्र में पनपने नहीं देंगे। पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।" उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि नशे से दूर रहें और समाज को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाने में सहयोग करें। सिरमौर जिले में नशे के बढ़ते मामलों को देखते हुए पुलिस द्वारा समय-समय पर छापेमारी और तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं। प्रशासन का लक्ष्य नशा तस्करी को जड़ से समाप्त करना है, ताकि युवा पीढ़ी को इस बुराई से बचाया जा सके।