#अपराध
August 18, 2026
हिमाचल में व्यक्ति की ह**त्या का मामला सुलझा, महिला ने युवक संग मिलकर छीनी थी सांसें
12 घंटे के अंदर दो आरोपी गिरफ्तार
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के पांवटा साहिब में बीती रात एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस ने इस मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के अंदर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में एक युवक और एक महिला शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों की इस मामले में संलिप्तता सामने आई है।
यह भी पढ़ें : मंत्री विक्रमादित्य सिंह का दावा, अगले 48 घंटों में खोल दी जाएंगी प्रदेश की बंद सभी 138 सड़कें
मामले को लेकर आज अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) नरेंद्र कुमार बताया कि पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष टीम बनाई थी। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना अपराध कबूल किया है। हालांकि, हत्या के पीछे असली वजह क्या थी, इसकी अभी जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: अतिक्रमण हटाने पर हुआ बवाल, गाड़ी के नीचे लेट गई महिला; मची अफरा तफरी
ASP नरेंद्र कुमार ने कहा कि पुलिस इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। जांच में सामने आने वाले सबूतों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: मेले से 10वीं की छात्रा लापता, अगले दिन मिली; बोली- युवक ने दोस्त के कमरे में की नीचता
मृतक की पहचान शिलाई के कोटी गांव निवासी 53 वर्षीय भाग सिंह के रूप में हुई है। वह सब्जी का काम करता था और पांवटा साहिब में भी फल-सब्जी लेकर आता-जाता था।
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब ढाई बजे विश्वकर्मा चौक के पास भाग सिंह का शव मिला। उसके गले पर तेजधार हथियार से वार किए जाने के निशान थे। सड़क पर भी खून पड़ा हुआ मिला।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में BJP नेता से मिला ढेर सारा चिट्टा, नामी होटल से चल रहा था धंधा- कैश और तराजू भी सीज
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
जांच के दौरान घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर भाग सिंह की पिकअप गाड़ी भी मिली। गाड़ी में फल और सब्जियां लदी हुई थीं। बताया जा रहा है कि मृतक की जेब से कुछ पैसे भी मिले हैं। ऐसे में शुरुआती तौर पर पुलिस इसे लूट के इरादे से की गई वारदात नहीं मान रही है। हालांकि हत्या के पीछे असली वजह क्या थी, यह जांच के बाद ही साफ होगा।