#अपराध
August 22, 2025
हिमाचल: कलियुगी बेटे ने मां के मुंह पर मारे मुक्के, फिर रस्सी से घों*ट दिया गला
मां के शव को जमीन में दफन कर थाने में लिखवा दी गुमशुदगी की रिपोर्ट
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला से एक दिल को दहला देने वाली घटना ने पूरे जिला को झकझोर कर रख दिया था। पच्छाद क्षेत्र में एक कलियुगी बेटे ने संपत्ति के लालच में अपनी ही मां की नृशंस हत्या कर दी। 31 वर्षीय पुष्प कुमार ने पहले तो अपनी 51 वर्षीय मां जयमंती देवी के साथ बेरहमी से मारपीट की, फिर रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इस जघन्य अपराध के बाद आरोपी बेटे ने शव को घर से दूर सुनसान जगह दफना दिया और फिर पुलिस थाने जाकर मां की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंच गया।
मामले का खुलासा तब हुआ, जब आरोपी की बहन ने थाने पहुंच कर अपने ही भाई पर मां की हत्या के आरोप लगाए। जिस पर पुलिस ने जब आरोपी को गिरफ्तार किया और सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। मामले की जांच के लिए अब पुलिस ने आरोपी के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर क्राइम सीन को रिक्रिएट किया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: पैदल घर लौट रहा था शख्स, सड़क पार करते बाइक सवार ने उड़ाया; थम गई सांसें
पुलिस थाना पच्छाद के एसएचओ जय सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम रिमांड पर चल रहे आरोपी पुष्प कुमार को मौके पर लेकर पहुंची। जहां आरोपी ने पूरे घटनाक्रम को विस्तार से बताया। उसने बताया कि हत्या की रात वह अपनी मां से बहस के बाद हिंसक हो गया और उसके चेहरे पर कई मुक्के मारे, जिससे वह लहूलुहान हो गई। इसके बाद आरोपी ने रस्सी से गला दबाकर उसकी जान ले ली।
हत्या के बाद पुष्प कुमार ने शव को घर से कुछ दूरी पर ले जाकर एक सुनसान स्थान पर गड्ढा खोदकर दफना दिया। घर लौटने के बाद आरोपी ने अपने खून से सने कपड़े धोए और फर्श पर फैले खून को पोंछे से साफ किया। पुलिस ने घर से वह पोंछा, खून लगे कपड़े और वारदात में प्रयुक्त रस्सी भी बरामद कर ली है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल कांग्रेस की 'वोट चोर, कुर्सी छोड़' रैली में बवाल, CM सुक्खू-विक्रमादित्य के समर्थक भिड़े
हत्या के बाद जब आरोपी पुलिस थाने जाकर मां की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाने पहुंचा, तो उसकी बहन धनवंती देवी भी वहां पहुंची और उसने सीधे तौर पर अपने भाई पर शक जताया। इसके बाद पुलिस ने गहन पूछताछ शुरू की, और कुछ ही घंटों में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस के मुताबिक यह हत्या पूरी तरह से संपत्ति के विवाद से जुड़ी हुई प्रतीत होती है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पुष्प कुमार ने इस वर्ष जनवरी माह में भी अपने माता-पिता के साथ मारपीट की थी। जून में पति के निधन के बाद जयमंती देवी अपने मायके चली गई थीं, लेकिन मां की ममता उसे फिर अपने बेटे के पास खींच लाई। 11 अगस्त को वह वापस चड़ेच गांव स्थित अपने घर लौटी थीं। लेकिन दुखद रूप से, घर लौटने के महज पांच दिन बाद 16 अगस्त को उसे अपने ही बेटे के हाथों मौत मिली।
आरोपी पुष्प कुमार सराहां में मोची की दुकान चलाता था। वर्तमान में वह पुलिस रिमांड पर है। पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रस्सी और शव को दफनाने में उपयोग की गई कस्सी को भी बरामद कर लिया गया है। एफएसएल टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं।
फिलहाल आरोपी को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है और रिमांड की अवधि समाप्त होने के बाद उसे शुक्रवार को दोबारा न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि वह पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि इस जघन्य अपराध से जुड़े सभी पहलुओं को पूरी तरह से उजागर किया जा सके।