#अपराध
June 14, 2026
हरियाणवी युवक की हिमाचल में मिली देह, पत्नी की मौ*त के बाद से था परेशान- सदमे में परिजन
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जुटाए सबूत
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में उस समय सनसनी फैल गई, जब कई दिनों से लापता चल रहे एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला जिला सिरमौर के हरिपुर खोल क्षेत्र का है। यहां पुलिस टीम को एक व्यक्ति के शव के बारे में सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जरूरी जांच की और आसपास के क्षेत्र की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि बलजिंद्र सिंह पिछले कुछ दिनों से घर से लापता थे। परिवार उनकी तलाश कर रहा था, लेकिन अब उनका शव मिलने से परिजनों में दुख का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, व्यक्ति अपनी पत्नी के निधन के बाद काफी मानसिक तनाव में रहते थे। बताया गया कि वह शराब का भी अधिक सेवन करते थे। पुलिस इस जानकारी को भी जांच का हिस्सा मानकर आगे की कार्रवाई कर रही है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को मृतक के शरीर पर किसी भी तरह के हिंसक हमले या चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, अभी मौत के कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह साफ नहीं है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
पुलिस जांच में मृतक की पहचान बलजिंद्र सिंह उम्र 45 पुत्र निवासी रामपुर, जिला यमुनानगर (हरियाणा) के रूप में हुई है।
माजरा पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि व्यक्ति की मौत दुर्घटना, किसी अन्य कारण या किसी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के चलते हुई है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ा दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।